नमस्कार, पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर चंडीगढ़ में स्टूडेंट के कातिल के एनकाउंटर से जुड़ी रही। चंडीगढ़ पुलिस की ऑपरेशन सेल की टीम ने सेक्टर-50 के जंगल में कार्रवाई की, जिसमें शूटर के पैर में गोली लगी। शूटर आरोपी छात्र का ही सगा भाई है और गैंगस्टर से उसके लिंक है। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों का VIDEO देखने के लिए ऊपर क्लिक करें… इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. स्टूडेंट के कातिल का एनकाउंटर चंडीगढ़ में सेंट जोसफ कॉन्वेंट स्कूल के पूर्व स्टूडेंट नैतिक खंडेलवाल (17) की हत्या के मामले में पुलिस ने शूटर का एनकाउंटर कर दिया। चंडीगढ़ पुलिस की ऑपरेशन सेल की टीम ने सेक्टर-50 के जंगल में कार्रवाई की, जिसमें शूटर के पैर में गोली लगी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शूटर आरोपी छात्र का ही सगा भाई है और गैंगस्टर से उसके लिंक है। पुलिस जांच में सामने आया था कि नैतिक की हत्या सुपारी देकर कराई गई थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शूटर मनमीत मेहर उर्फ मन पंजाब इंटेलिजेंस विंग में तैनात एक पुलिसकर्मी का बेटा है। उसे बंबीहा गैंग के गैंगस्टर लक्की पटियाल के नेटवर्क से जुड़ा शूटर बताया जा रहा है। पुलिस जांच के मुताबिक, नैतिक की हत्या उसी के साथ पढ़ रहे अर्श मेहर ने मारपीट का वीडियो वायरल करने पर करवाई थी। अर्श, मनमीत का छोटा भाई है। (पूरी खबर पढ़ें…) 2. युवक का हाथ काटकर दुकानदार को पकड़ाया लुधियाना में बदमाशों ने घर में घुसकर एक युवक पर तलवार से हमला कर उसका हाथ काटकर अलग कर दिया। वारदात के बाद आरोपी कटा हुआ हाथ लिफाफे में डालकर एक करियाना दुकानदार को दे गए। दुकानदार से कहा कि इसे युवक के घर पहुंचा देना। घायल युवक को आसपास के लोग अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने काफी देर तक खून रोकने की कोशिश की। खून ज्यादा बहने से युवक की मौत हो गई। घटना रेडू साहिब गुरुद्वारा के पास की है। मृतक की पहचान शक्ति सिंह उर्फ भूरा (40) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश का लग रहा है। युवक और आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है। (पूरी खबर पढ़ें…) 3. टोलकर्मी को 100 मीटर तक बोनट पर घसीटा पटियाला-राजपुरा हाईवे पर धरेड़ी जट्टां टोल प्लाजा पर एक कार ड्राइवर ने टोल बैरियर तोड़ दिया और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी को उड़ा दिया। टक्कर लगने से कर्मचारी कार के बोनट पर गिर गया। ड्राइवर फिर भी नहीं रुका और वो 100 मीटर तक तेज रफ्तार कार पर कर्मचारी को घसीटकर ले गया। आगे जाकर कर्मचारी सड़क पर गिर गया और बुरी तरह घायल हो गया। ड्राइवर कार से फरार हो गया। घायल कर्मचारी को पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस टोल प्लाजा की फुटेज के जरिए कार और ड्राइवर की पहचान करने में जुटी है। (पूरी खबर पढ़ें…) 4. शादी के 45 दिन बाद युवती का सुसाइड पठानकोट में एक युवती ने शादी के 45 दिन बाद फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवती 22 अक्टूबर को मायके में पंखे पर दुपट्टे का फंदा लगाकर लटकी मिली। मृतका की पहचान 25 वर्षीय सीमा के रूप में हुई है। उसकी शादी इसी साल जम्मू के रहने वाले अमित कुमार के साथ हुई थी। युवती के भाई ने ससुराल पक्ष पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। भाई ने कहा कि ससुराल वाले कम दहेज लाने पर उसे ताने देते थे। पति और ननद उस पर पैसे लाने का दबाव बनाते थे। भाई के अनुसार सुसाइड से एक दिन पहले जीजा ने उसे फोन किया था। फोन पर दोनों के बीच फिर से विवाद हुआ। उसने ऐसी बातें कही, जिससे बहन मानसिक रूप से परेशान हो गई। फिलहाल, भाई की शिकायत पर पुलिस ने पति और ननद के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। दोनों को अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है। (पूरी खबर पढ़ें…) 5. ससुराल में पूल में डुबोकर धर्म परिवर्तन कराया लुधियाना में धोखे से शादी कर लड़की का धर्म परिवर्तन कर दिया गया। लड़की ने अपने बॉयफ्रेंड के साथ लव कम अरैंज मैरिज की। लड़की के मुताबिक शादी के बाद जब वो ससुराल पहुंची तो ससुर ने शादी मानने से इनकार कर दिया। ससुर ने साफ कर दिया कि जब तक उसने ईसाई धर्म नहीं अपनाया तब तक यह शादी मंजूर नहीं होगी। लड़की के मुताबिक उसने पहले मना किया, लेकिन शादी टूटने के डर से वो तैयार हो गई। ससुराल में पहले दिन ससुर ने उसे छत में बने एक स्विमिंग पूल में जबरन डुबकी लगवाई और उसका धर्म परिवर्तन कर दिया। लड़की के मुताबिक उसके साथ धोखाधड़ी यहीं पर खत्म नहीं हुई, जब वो बेडरूम में अपने पति के साथ गई तो उसकी छाती पर एक नन्नू नाम का टैटू दिखा। बाद में पता चला कि नन्नू उसके पति की दूसरी गर्लफ्रेंड है। इसी बीच ससुरालियों ने उससे दहेज की डिमांड करनी शुरू की। (पूरी खबर पढ़ें…) 6. कुल्हड़ पिज्जा फेम सहज की तबीयत बिगड़ी जालंधर के कुल्हड़ पिज्जा फेम सहज अरोड़ा तबीयत बिगड़ने से अस्पताल में भर्ती हैं। इसका वीडियो सामने आया है, जिसमें सहज कहते हुए सुनाई दे रहे हैं, ‘मेरे जाने के बाद मेरी पत्नी को ट्रोल मत करना।’ वीडियो में सहज अरोड़ा अपनी सेहत को लेकर चिंता जताते नजर आ रहे हैं। वीडियो में वह कहते हैं कि डॉक्टरों ने उन्हें ब्रेन में ट्यूमर होने की बात बताई है। उन्हें डर है कि शायद वह जिंदा न रहें। वीडियो में सहज ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि उनके जाने के बाद उनकी पत्नी पर कमेंट न किए जाएं। हालांकि, सहज ने सेहत को लेकर इतना ही कहा कि उनका एक ऑपरेशन हो गया है। सहज अरोड़ा अपनी पत्नी गुरप्रीत कौर के साथ कुल्हड़ पिज्जा का काउंटर लगाकर मशहूर हुए थे। हालांकि, सोशल मीडिया पर उनका एक निजी अश्लील वीडियो वायरल हो गया था, जिसके बाद उन्हें देश छोड़कर जाना पड़ा। (पूरी खबर पढ़ें…) 7. युवक की घर के बाहर गोली मारकर हत्या अमृतसर में एक्टिवा साइड करने के विवाद में युवक की उसके घर के बाहर ही गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने युवक पर 6 गोलियां चलाईं। जिनमें से सिर और पेट में 4 गोलियां लगीं। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों को तब पता चला, जब उन्हें घर के भीतर पटाखे फूटने जैसी आवाज आई। परिवार के लोग तुरंत उसे अस्पताल ले जाने लगे तो रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। (पूरी खबर पढ़ें…) 8. झोटा के पिता बोले- मानसा SSP को ट्रांसफर करें मानसा में नशा विरोधी एक्टिविस्ट परविंदर झोटा की हत्या के 12 दिन बाद भी पोस्टमॉर्टम नहीं हो सका। झोटा के परिजन और एक्शन कमेटी CM भगवंत मान और DGP के इस्तीफे की मांग पर अड़े हुए हैं। झोटा के पिता भीम सिंह ने अब मानसा के SSP वैभव चौधरी के कामकाज पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि झोटा की हत्या में पुलिस की भी मिलीभगत हो सकती है। इसलिए SSP को तुरंत यहां से ट्रांसफर किया जाए। इसके अलावा सस्पेंड किए गए DSP हरजिंदर सिंह गिल और थाना सिटी-2 की SHO बेअंत कौर को तुरंत नौकरी से डिसमिस किया जाए। इसी बीच हत्या की जांच कर रही CBI ने शनिवार सुबह ही मानसा के कई मेडिकल स्टोरों में रेड की। जहां पर प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बिक्री और स्टॉक को लेकर पड़ताल की गई। (पूरी खबर पढ़ें…) 9. निहंगों ने पंडित को घेरकर थप्पड़ जड़े जालंधर से सटे ब्यास की निहंग जत्थेबंदी ने एक पंडित को बुरी तरह पीटा। इसका वीडियो भी सामने आया है। इसमें निहंग पंडित को थप्पड़ मारते हुए दिख रहा है। निहंग कहता है कि बहनों से ये बातें की जाती हैं। जत्थेदार बाबा अजयदीप सिंह जी ब्यास वाले ने शुक्रवार देर रात वीडियो शेयर किया। उन्होंने दावा किया है कि पंडित को इसलिए पीटा गया, क्योंकि उसने लुधियाना के एक परिवार से लाखों रुपए की ठगी की है। निहंग ने बताया कि पंडित हरियाणा साइड का रहने वाला है। उसने लुधियाना के फैमिली की बहू को अपने जानकार युवक के साथ भगा दिया। इसके बाद परिवार से संपर्क कर पूजा-पाठ के जरिए महिला को ढूंढने के लिए 7 लाख रुपए ठग लिए। निहंग ने बताया कि लुधियाना के परिवार ने उनसे संपर्क किया। इसके बाद पंडित को हरियाणा से ढूंढ निकाला और फिर अपने तौर पर उसे सजा दी गई। निहंग का आरोप है कि पंडित ने उन्हें भी लालच दिया कि परिवार सरकारी नौकरी करता है। उसकी मोटी फर्म है, इसलिए वह उन्हें भी पैसा दिला देगा। (पूरी खबर पढ़ें…) खबर जरा हटके… 10. न्यूजीलैंड भेजी पत्नी समलैंगिक निकली पंजाब के एक व्यक्ति के साथ शादी में बड़ा धोखा हो गया। उसने 25 लाख रुपए लगाकर पत्नी को न्यूजीलैंड भेजा, लेकिन वह समलैंगिक निकली। 3 महीने बाद पति जब पत्नी के पास गया तो पूरे मामले का खुलासा हुआ। अमृतसर के छीना गांव के रहने वाले पति गुरजीत सिंह ने बताया कि पकड़े जाने पर पत्नी ने थप्पड़ मारने और चाकू से डराने का पुलिस केस कर उसे अरेस्ट करवा दिया। कोर्ट के आदेश के बाद वह भारत आ गया। गुरजीत ने दावा किया कि उनकी पत्नी शिवानी नाम की एक महिला के साथ संबंध में थी, जिसके कारण उसकी शादीशुदा जिंदगी बर्बाद हो गई। गुरजीत के मुताबिक, उसने अपनी पत्नी और उसकी दोस्त के बीच संबंधों से जुड़ी कुछ न्यूड तस्वीरें और वीडियो देख लिए थे। इसके चलते पत्नी ने उस पर पुलिस केस कर दिया। (पूरी खबर पढ़ें…)

