मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंगलवार को झालावाड़ पहुंचे। वे हवाई मार्ग से कोलाना हवाई पट्टी पहुंचे और यहां आयोजित संवाद कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए। मुख्यमंत्री ने आगामी पंचायत चुनावों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर संगठन को मजबूत करने तथा पंचायत समिति और जिला प्रमुख पदों पर पार्टी के प्रतिनिधियों को जिताने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को संगठन की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि वे मोतियों से भी ज्यादा अनमोल हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में आने वाला कार्यकर्ता समाज सेवा के भाव से जुड़ता है और संगठन को प्राथमिकता देता है। कार्यकर्ता किसी शर्त के साथ संगठन से नहीं जुड़ता। अपने राजनीतिक सफर का जिक्र, कहा- कार्यकर्ताओं की मेहनत और भावनाओं को समझता हूं मुख्यमंत्री ने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी राजनीति की शुरुआत युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष के रूप में हुई थी। उन्होंने कार्यकर्ता के रूप में संगठन में काम किया है, इसलिए वे कार्यकर्ताओं की मेहनत, संघर्ष और उनकी भावनाओं को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी में आने वाला प्रत्येक कार्यकर्ता समाज सेवा का उद्देश्य लेकर आता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि सरकार उनके बताए विकास कार्यों को पूरा करने में कोई कमी नहीं रखेगी। अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि कार्यकर्ताओं से जुड़े काम हर हाल में किए जाएं। पंचायत चुनाव में अभी से जुटने का आह्वान मुख्यमंत्री ने आगामी पंचायत चुनावों को संगठन के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर मजबूत संगठन आगे की राजनीतिक और संगठनात्मक जिम्मेदारियों का आधार तैयार करता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पंचायत समिति और जिला प्रमुख बनाने का संकल्प लेते हुए कहा कि चुनावों में पूरी ताकत के साथ जुटना होगा। साथ ही गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचकर संगठन की गतिविधियों को मजबूत करने और जनता के बीच सक्रिय रहने की अपील की। विधायक कोष में 5 की जगह 28 करोड़ रुपए उपलब्ध कराने का दावा मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रत्येक विधायक ने उनसे जो मांग की, उसे पूरा करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के समय 5 करोड़ रुपए दिए जाते थे, जबकि उनकी सरकार ने संबंधित क्षेत्र में विधायक कोष के तहत 5 करोड़ रुपए के स्थान पर 28 करोड़ रुपए उपलब्ध कराए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि क्षेत्र के विकास से जुड़े कार्यों के लिए संसाधनों की कमी नहीं आने दी जाएगी।
पानी और बिजली के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियां गिनाईं मुख्यमंत्री ने प्रदेश में पानी और बिजली की उपलब्धता को लेकर सरकार के प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश में पानी से संबंधित 10 समझौते हुए हैं, जिनमें से चार राजस्थान से जुड़े हैं। उन्होंने इसे प्रदेश में जल उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। बिजली के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान अब बिजली लेने के बजाय बिजली देने की स्थिति में पहुंच रहा है। उन्होंने इसे प्रदेश की विद्युत व्यवस्था में आए बदलाव के रूप में प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री ने डेयरी क्षेत्र का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में डेयरी अब मुनाफे में चल रही है, जबकि उनके अनुसार पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में डेयरी को घाटे का सामना करना पड़ता था। रोडवेज के लिए 1000 बसें खरीदीं, इतनी ही और खरीदने की प्रक्रिया मुख्यमंत्री ने राजस्थान रोडवेज का उल्लेख करते हुए कहा कि रोडवेज मुनाफे में चल रही है। उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा और परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 1000 नई बसें खरीदी जा चुकी हैं, जबकि 1000 और बसें खरीदने की कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए काम कर रही है। राइजिंग राजस्थान के साथ बताए विकास के ‘तीन इंजन’ मुख्यमंत्री ने राइजिंग राजस्थान का उल्लेख करते हुए प्रदेश के विकास के लिए ‘तीन इंजन’ की जरूरत बताई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को आमजन तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास की गति बनाए रखने के लिए सरकार, संगठन और जनभागीदारी के बीच समन्वय आवश्यक है। कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ आरोप लगाने का आरोप मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ अनर्गल आरोप लगाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि देश को विकसित भारत बनाने के लिए विचार करना होगा और इसके लिए भाजपा की नीतियों तथा विकास के एजेंडे को आगे बढ़ाना जरूरी है। निर्धारित समय से करीब दो घंटे देरी से पहुंचे मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का झालावाड़ दौरा निर्धारित समय से काफी देर से शुरू हुआ। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री को दोपहर 2:35 बजे हेलीकॉप्टर से कोलाना हवाई पट्टी पहुंचना था और इसके बाद 2:45 बजे संवाद कार्यक्रम निर्धारित था। शाम 5 बजे अन्य कार्यक्रम प्रस्तावित था। हालांकि मुख्यमंत्री करीब साढ़े चार बजे हेलीपैड पहुंचे और इसके बाद करीब 4:45 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। यहां पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के साथ उनका स्वागत किया गया। वसुंधरा राजे भी पहुंचीं झालावाड़ पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी झालावाड़ पहुंचीं। कोलाना हवाई पट्टी पर भाजपा विधायक गोविंद रानीपुरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन शर्मा समेत पार्टी पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में राजे मंच पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ मौजूद रहीं।

