टीटी नगर इलाके के जवाहर चौक स्थित निर्माणाधीन चिरायु अस्पताल में सोमवार रात बड़ा हादसा हो गया। यहां चेन की मदद से खड़ा किया जा रहा करीब दो टन वजनी गैस सिलेंडर 53 वर्षीय मजदूर घनश्याम रैकवार के ऊपर गिर गया। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई। घटना 26 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे की है। मंगलवार को हमीदिया अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। चेन से खड़ा करते समय असंतुलित हुआ सिलेंडर मृतक के परिचित नामदेव पवार के मुताबिक, घनश्याम रैकवार निर्माणाधीन अस्पताल की बिल्डिंग में काम कर रहे थे। इस दौरान चेन की मदद से भारी गैस सिलेंडर को खड़ा किया जा रहा था। तभी सिलेंडर असंतुलित होकर घनश्याम के ऊपर गिर गया। सिलेंडर की चपेट में आने से उनके सिर में गंभीर चोट आई। नामदेव के मुताबिक, हादसे में घनश्याम की मौके पर ही मौत हो गई। हेलमेट और सुरक्षा उपकरण नहीं देने का आरोप नामदेव पवार ने निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मजदूरों को काम के दौरान हेलमेट, सुरक्षा जूते और दस्ताने जैसे जरूरी सुरक्षा उपकरण नहीं दिए गए थे। उन्होंने कहा कि यदि घनश्याम ने हेलमेट पहना होता, तो सिर में चोट की गंभीरता कम हो सकती थी। हालांकि, सुरक्षा इंतजामों को लेकर संबंधित ठेकेदार या अस्पताल प्रबंधन का पक्ष सामने आना बाकी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और संभावित लापरवाही के पहलुओं की जांच कर रही है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

