नागौर नगर परिषद के सभापति पद के लिए नामांकन का आज आखिरी दिन है। दोपहर 3 बजे तक प्रत्याशी नामांकन दाखिल कर सकेंगे। भाजपा की ओर से वार्ड 33 से निर्वाचित पार्षद संतोष टाक सभापति पद के लिए नामांकन दाखिल करेंगी। वहीं कांग्रेस की ओर से प्रत्याशी कौन होगा, इसे लेकर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है। भाजपा से संतोष टाक आज भरेंगी पर्चा बाड़ेबंदी में मौजूद संतोष टाक देर रात नागौर पहुंचीं। वे आज करीब 11 बजे नगर परिषद पहुंचकर नामांकन दाखिल करेंगी। भाजपा ने संतोष टाक का नाम पहले ही सभापति पद के लिए तय कर दिया था। नामांकन के बाद सभापति चुनाव को लेकर भाजपा की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। वहीं कांग्रेस में प्रत्याशी के नाम को लेकर अंतिम समय तक गतिविधियां तेज हैं। नामांकन की आखिरी तारीख होने के कारण आज कांग्रेस की ओर से भी प्रत्याशी का नाम सामने आने की संभावना है। एक परिवार से दो टिकट दिए, हुकमीचंद ने वापस लिया था नाम संतोष टाक भाजपा नेता ज्योति मिर्धा के करीबी माने जाने वाले कारोबारी और भाजपा कार्यकर्ता हुकमीचंद टाक की पत्नी हैं। नगर परिषद चुनाव में भाजपा ने एक ही परिवार से हुकमीचंद टाक और उनकी पत्नी संतोष टाक को अलग-अलग वार्ड से टिकट दिया था। इसके बाद हुकमीचंद टाक ने पार्टी के नियमों के खिलाफ एक ही परिवार के दो सदस्यों को टिकट दिए जाने को लेकर विवाद को आगे नहीं बढ़ाने का फैसला किया और अपना टिकट वापस ले लिया था। इसके बाद वार्ड 33 से संतोष टाक ने भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। अब भाजपा ने संतोष टाक को नगर परिषद के सभापति पद का प्रत्याशी बनाया है। ऐसे में आज नामांकन दाखिल होने के बाद सभापति चुनाव की तस्वीर और स्पष्ट हो जाएगी।

