नगांव Lok Sabha Bypoll: BJP के देवाशीष शर्मा AIUDF प्रमुख बदरुद्दीन अजमल से 75,248 वोटों से आगे

नगांव Lok Sabha Bypoll: BJP के देवाशीष शर्मा AIUDF प्रमुख बदरुद्दीन अजमल से 75,248 वोटों से आगे

गुवाहाटी, नौ अक्टूबर असम की नगांव लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में शुक्रवार को मतगणना के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार देवाशीष शर्मा अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल से 75,248 मतों से आगे हैं। निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के अनुसार, पूर्व आईएएस अधिकारी शर्मा को 1,81,017 वोट मिले, जबकि अजमल को 1,05,769 वोट मिले।

कांग्रेस उम्मीदवार शिवमोनी बोरा 29,826 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। अधिकारियों ने बताया कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुक्रवार सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई। मतगणना की प्रक्रिया डाक मतपत्रों से शुरू हुई, जिसके बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में दर्ज मतों की गिनती की गई।

मतगणना दो केंद्रों डॉसन उच्चतर माध्यमिक स्कूल और नगांव राजकीय बाल विद्यालय में की जा रही है, जहां प्रत्येक केंद्र पर 14-14 मेज लगाई गई हैं। इस लोकसभा क्षेत्र में नगांव और मोरीगांव जिलों में फैले आठ विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। दोनों मतगणना केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

सभी उम्मीदवारों और राजनीतिक दलों को निर्देश दिया गया है कि किसी भी जुलूस को निकालने से पहले जिला प्रशासन से अनुमति लें। इस उपचुनाव में मुख्य मुकाबला शर्मा, बोरा और अजमल के बीच है। कुल 15 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

छह अक्टूबर को हुए उपचुनाव में 76.19 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। यह उपचुनाव कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफा देने के बाद आवश्यक हो गया था। उन्होंने इस साल की शुरुआत में भाजपा के टिकट पर दिसपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की थी।

हालांकि, इस उपचुनाव के नतीजे से संसद में सत्ता संतुलन पर कोई असर नहीं पड़ेगा। नगांव लोकसभा क्षेत्र में 19.05 लाख मतदाता हैं। इनमें 9.43 लाख महिलाएं और थर्ड जेंडर के 50 मतदाता शामिल हैं।

ये मतदाता 2,312 मतदान केंद्रों पर वोट डालने के पात्र थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *