धौलपुर में नवरात्र के मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की पैदल गश्त जारी है। कोतवाली थाना प्रभारी रामकिशन यादव के नेतृत्व में पुलिस ने मदीना कॉलोनी, बिरजापाड़ा, पचौरी पाड़ा और फूटा दरवाजा जैसे इलाकों में सुरक्षा का जायजा लिया। गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों से बात की। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था पर लोगों से फीडबैक लिया और उनकी समस्याएं भी जानीं। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि त्योहार में शांति बनाए रखने के लिए वे पूरी तरह तैयार हैं। ‘जनता की सुरक्षा पुलिस की पहली जिम्मेदारी’
कोतवाल रामकिशन यादव ने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा पुलिस की पहली जिम्मेदारी है। इस गश्त का मकसद संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा मजबूत करना और लोगों में विश्वास बढ़ाना है।

