‘धारा 370 हटी, नक्सलवाद खत्म हुआ, लेकिन नशामुक्त भारत सबसे बड़ी उपलब्धि होगी’, एकता दिवस पर बोले अमित शाह, 2029 का रखा लक्ष्य

‘धारा 370 हटी, नक्सलवाद खत्म हुआ, लेकिन नशामुक्त भारत सबसे बड़ी उपलब्धि होगी’, एकता दिवस पर बोले अमित शाह, 2029 का रखा लक्ष्य

Amit Shah: राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 31 दिसंबर 2029 तक देश को पूरी तरह से नशा मुक्त बनाने के लक्ष्य को दोहराया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में कई बड़े फैसले लिए गए हैं, लेकिन नशा मुक्त भारत का निर्माण करना सबसे बड़ी उपलब्धि होगी। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के मौके पर आयोजित रन फॉर यूनिटी को हरी झंडी दिखाने से पहले अमित शाह ने ये बातें कहीं। इस कार्यक्रम में दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता, केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया, नित्यानंद राय, बांसुरी स्वराज और बंदी संजय कुमार के साथ-साथ बड़ी संख्या में युवा और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) के जवान शामिल हुए।

31 दिसंबर 2029 तक पूरी तरह से नशा मुक्त भारत का लक्ष्य

संबोधन के दौरान अमित शाह ने देश के युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई का रोडमैप पेश किया। उन्होंने कहा कि इस साल 31 मार्च को देश से नक्सलवाद की समस्या को लगभग खत्म कर दिया गया है और अब मुख्य ध्यान नशा मुक्त भारत बनाने की दिशा में केंद्रित हो गया है। गृह मंत्री ने कहा, “हमने 31 दिसंबर 2029 तक भारत को पूरी तरह से नशामुक्त बनाने का स्पष्ट लक्ष्य रखा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन को साकार करने के लिए, एक नशा मुक्त राष्ट्र का निर्माण करना सबसे पहली और अनिवार्य शर्त है।”

धारा 370 और वन नेशन-वन टैक्स से भी बड़ा काम

मोदी सरकार के ऐतिहासिक नीतिगत फैसलों का जिक्र करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में देश ने कई बड़े बदलाव देखे हैं। अमित शाह ने कहा, “मैं मानता हूं कि मोदी जी के कार्यकाल में कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं, जैसे जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाना, कश्मीर को भारत की मुख्यधारा में स्थायी रूप से जोड़ना, देश में नक्सलवाद की कमर तोड़ना और वन नेशन-वन टैक्स (GST) को सफलतापूर्वक लागू करना। लेकिन, जब हम भारत को नशा-मुक्त बनाने में सफल होंगे, तो वह उपलब्धि हमारे देश के युवाओं और हमारे देश के भविष्य के लिए इन सभी मील के पत्थरों में सबसे बड़ी साबित होगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *