हरदोई में दिवाली से पहले जिले में अवैध पटाखों के कारोबार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार 31 अक्टूबर की शाम 5 बजे शाहाबाद कस्बे के पाली रोड तिराहे पर एक ठिकाने पर छापा मारा गया। यहां से बड़ी मात्रा में निर्मित और अर्धनिर्मित आतिशबाजी के साथ विस्फोटक सामग्री बरामद हुई। पुलिस ने मौके से आतिशबाज लियाकत अली को गिरफ्तार किया है। बिना लाइसेंस पटाखे बनाने और भंडारण की सूचना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पाली रोड तिराहे पर एक ठिकाने में बिना वैध लाइसेंस के पटाखे तैयार किए जा रहे हैं। यहां बड़ी मात्रा में आतिशबाजी का भंडारण भी किया गया है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। अचानक हुई कार्रवाई से वहां हड़कंप मच गया। तलाशी के दौरान पुलिस को निर्मित और अर्धनिर्मित आतिशबाजी के साथ विस्फोटक सामग्री मिली। पुलिस ने सभी सामग्री कब्जे में ले ली है। फिलहाल बरामद पटाखों और अन्य सामग्री की मात्रा का आकलन किया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि पटाखे बनाने में किन सामग्रियों का इस्तेमाल हो रहा था और कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल हैं। घनी आबादी में भंडारण से हादसे का खतरा पाली रोड तिराहे पर घनी आबादी के बीच आतिशबाजी का भंडारण किए जाने से सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पटाखों के निर्माण और भंडारण में सुरक्षा मानकों की अनदेखी से बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी लियाकत अली के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद सामग्री के स्रोत और कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध आतिशबाजी के कारोबार पर निगरानी रखी जा रही है। इसके खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

