मैनपुरी में क्रिश्चियन तिराहे के पास बुधवार देर रात दो शोरूम में भीषण आग लग गई थी। शनिवार को एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। एसपी सिटी ने कोतवाली पुलिस को जांच के निर्देश दिए हैं। हालांकि, अभी आग लगने के कारणों और किसी साजिश की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। एक करोड़ से ज्यादा के नुकसान का अनुमान कोतवाली क्षेत्र में हुए अग्निकांड में दोनों शोरूम का सामान जलकर राख हो गया था। नुकसान एक करोड़ रुपए से अधिक बताया जा रहा है। दमकल विभाग की टीम ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया था। अब पुलिस घटना से पहले की गतिविधियों और आग लगने की परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है। CCTV में रात 11:21 बजे दुकान में जाती दिखीं महिला सामने आए सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, घटना वाली रात शोरूम मालिक ऋषभ गुप्ता के माता-पिता काफी देर तक दुकान पर मौजूद थे। बताया जा रहा है कि पिता के जाने के बाद उनकी मां काफी देर तक दुकान के आसपास घूमती नजर आईं। इस दौरान वह फोन पर बातचीत करती भी दिखाई दीं। फुटेज के अनुसार, रात 11:21 बजे वह दुकान के अंदर गईं और शटर बंद कर दिया। करीब 20 मिनट बाद रात 11:41 बजे बाहर निकलकर मुख्य गेट पर ताला लगाया। इसके लगभग तीन मिनट बाद, रात 11:44 बजे दुकान के अंदर से आग की तेज लपटें उठने लगीं। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और दोनों शोरूम इसकी चपेट में आ गए। फुटेज के आधार पर जांच कर रही पुलिस पुलिस सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रही गतिविधियों और आग लगने के बीच के घटनाक्रम की जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आग किन परिस्थितियों में लगी और फुटेज में दिख रही गतिविधियों का घटना से कोई संबंध है या नहीं। फिलहाल, आग को हादसा या साजिश मानने के संबंध में कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है।

