देवरिया शहर के बाल सुधार गृह (बालक) से गुरुवार को दो किशोर लापता हो गए। वे पास के जूनियर हाईस्कूल में पढ़ने गए थे। शाम को बाल गृह में बच्चों की गिनती के दौरान उनके नहीं मिलने पर कर्मचारियों को इसका पता चला। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। लापता हुए किशोरों के नाम दीपांशु और प्रिंस हैं। दोनों कक्षा छह के छात्र हैं और नियमित रूप से बाल गृह के पास स्थित जूनियर हाईस्कूल में पढ़ने जाते हैं। गुरुवार सुबह भी वे स्कूल गए थे। शाम को जब बाल गृह के कर्मचारियों और गार्डों ने बच्चों की गिनती की, तो वे मौजूद नहीं मिले। दो किशोरों के लापता होने की जानकारी मिलते ही बाल गृह में हलचल मच गई। कर्मचारियों ने आसपास तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। इसके बाद कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बाल गृह के कर्मचारियों से जानकारी लेकर किशोरों की तलाश शुरू कर दी। इंस्पेक्टर कोतवाली शशिभूषण राय ने बताया कि दोनों किशोरों की उम्र करीब 15 साल है। वे लावारिस श्रेणी में बाल गृह में रखे गए हैं। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है और उनके बारे में उपलब्ध जानकारी के आधार पर सुराग खोजे जा रहे हैं।

