देवरिया में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर प्रशासन अलर्ट:डीएम-एसपी ने घाटों का निरीक्षण कर गोताखोरों की तैनाती के निर्देश दिए

देवरिया में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर प्रशासन अलर्ट:डीएम-एसपी ने घाटों का निरीक्षण कर गोताखोरों की तैनाती के निर्देश दिए

देवरिया में दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन सतर्क है। सोमवार दोपहर करीब एक बजे जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने लार थाना क्षेत्र के महरौना पुल स्थित मेहरौनाघाट विसर्जन स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। घाट पर रोशनी और बैरिकेडिंग की व्यवस्था करने के निर्देश डीएम और एसपी ने घाटों पर पर्याप्त रोशनी, साफ-सफाई और मजबूत बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने को कहा। गहरे पानी और जोखिम वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां श्रद्धालुओं के जाने पर रोक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रवेश और निकास मार्ग व्यवस्थित रखने तथा अनावश्यक भीड़ एकत्र नहीं होने देने पर जोर दिया। गोताखोरों और बचाव उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करें अधिकारियों ने विसर्जन स्थल पर गोताखोरों और जरूरी बचाव उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आपात स्थिति में तत्काल मदद दी जा सके। पुलिस और राजस्व विभाग की टीमों को आपसी समन्वय के साथ लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। यातायात व्यवस्था की समीक्षा के दौरान विसर्जन मार्गों को अवरोधमुक्त रखने और गलत पार्किंग रोकने को कहा गया, ताकि जाम की स्थिति न बने और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु रहे। पूजा समितियों से तय घाटों पर विसर्जन कराने की अपील डीएम और एसपी ने अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने तथा किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी। पूजा समितियों से निर्धारित मार्गों और चिह्नित घाटों पर ही प्रतिमाओं का विसर्जन कराने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई। श्रद्धालुओं से गहरे पानी में नहीं उतरने और सुरक्षा नियमों का पालन करने का अनुरोध किया गया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम क्षितिज द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी गौरव सिंह, प्रभारी निरीक्षक निर्भय सिंह और मेहरौना चौकी प्रभारी विवेक चतुर्वेदी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *