नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर कोटा से है। मुंबई में एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग करने वाले 3 हमलावरों को कोटा रेलवे स्टेशन से पकड़ा गया। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें
1. टाइगर श्रॉफ पर हमले के 3 आरोपी कोटा से पकड़े
मुंबई में एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग मामले में सोमवार को कोटा पुलिस ने रेलवे स्टेशन से 3 हमलावरों को पकड़ा। तीनों पुणे-जयपुर ट्रेन के जनरल कोच में अलग-अलग जगह बैठे थे। आरोपी ट्रेन से जयपुर पहुंचते और जयपुर से बस से दिल्ली और वहां से नेपाल भागने की फिराक में थे। पूरी खबर पढ़ें 2. पैरा एशियन गेम्स में मोना ने गोल्ड, अवनी ने सिल्वर जीता
पैरा एशियन गेम्स के पहले दिन सीकर की शूटर मोना अग्रवाल ने गोल्ड और जयपुर की अवनी लेखरा ने सिल्वर मेडल जीता। दोनों ने R2 विमेंस 10 मीटर राइफल शूटिंग की SH1 कैटेगरी में पदक जीते। मोना ने 250.0 पॉइंट और अवनी ने 249.6 पॉइंट हासिल किए। पूरी खबर पढ़ें 3. फैक्ट्री में भीषण आग, 2 युवक जिंदा जले
पाली के औद्योगिक थाना इलाके में ग्वार गम फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। अंदर फंसे 2 युवक जिंदा जल गए, जबकि 3 युवक लपटों के बीच से जलते हुए कपड़ों के साथ ‘बचाओ-बचाओ’ चिल्लाते हुए निकले और रोड पर गिरकर अचेत हो गए। पूरी खबर पढ़ें 4. कांग्रेस प्रत्याशी की एसपी ने खोली हिस्ट्रीशीट
कोटा में पंचायत चुनाव के बीच कांग्रेस प्रत्याशी की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। पुलिस के अनुसार, सुल्तानपुर पंचायत समिति के वार्ड-8 से कांग्रेस प्रत्याशी चंद्रप्रकाश मीणा के खिलाफ मारपीट-लूट और जानलेवा हमला करने सहित 11 मुकदमे दर्ज हुए थे। मीणा ने नामांकन पत्र में इन केसों के बारे में जानकारी नहीं दी थी। पूरी खबर पढ़ें 5. विस्फोटक से भरी पिकअप में ब्लास्ट, युवक की मौत
भीलवाड़ा के गुलाबपुरा इलाके में सोमवार सुबह विस्फोटक से भरी पिकअप में ब्लास्ट हो गया। हादसे में ड्राइवर की मौत हो गई। धमाका इतना तेज था कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और इंजन करीब 10 फीट दूर जाकर गिरा। धमाके से आसपास के मकानों में दरारें आ गईं। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें
6. सवाई माधोपुर में बारिश, बिजली गिरने से रेलवे कर्मचारी की मौत
सवाई माधोपुर जिले में सोमवार अलसुबह 3 बजे से सुबह 8 बजे तक कभी रिमझिम तो कभी तेज बारिश हुई। मलारना डूंगर उपखंड क्षेत्र के टापरी गुर्जर गांव में बिजली गिरने से रेलवे कर्मचारी की मौत हो गई। वे ड्यूटी पर जाने के लिए घर से निकले थे। कुछ देर बाद ही बिजली गिर गई। पूरी खबर पढ़ें 7. प्रसूताओं की मौत के बाद 6 दवाओं की सप्लाई पर रोक
कोटा के सरकारी अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी के बाद 2 महिलाओं की मौत मामले में ड्रग विभाग एक्शन में आया है। प्रसूताओं के इलाज में इस्तेमाल की गई 6 दवाओं पर रोक लगाई गई है। जांच में सामने आया कि प्रसूताओं को इंजेक्शन लगाए जाने के तुरंत बाद कंपकंपी छूटने लगी थी। पूरी खबर पढ़ें 8. 14 साल की लड़की के गले में लिपटा जहरीला सांप
अजमेर के ईदगाह में एक 14 साल की लड़की के गले में कॉमन करेत सांप लिपट गया। पिता ने देखा तो सांप को बच्ची के गले से छुड़ाकर दूर फेंक दिया। सूचना पर स्नैक कैचर मौके पर पहुंचा और बिस्तर में छुपे जहरीले सांप को रेस्क्यू किया। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है
9. पहली बार भाई-बेटे की तरफ गर्दन घुमाएगा रावण
नागौर में दशहरे पर इस बार 60 फीट ऊंचा रावण अपनी गर्दन दोनों तरफ 30-30 डिग्री घुमाकर कुंभकर्ण और मेघनाथ की ओर देखेगा। इसके बाद भव्य आतिशबाजी के बीच 60 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन होगा। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास
10. विजयादशमी का पर्व कल मनाया जाएगा
असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक विजयादशमी का पर्व 20 अक्टूबर को मनाया जाएगा। इस दिन प्रदेशभर में रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा।

