बच्चों को बचपन से ही आयुर्वेद और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने के लिए झालावाड़ के मंगलपुरा स्थित राजकीय आयुर्वेद अस्पताल के आंचल प्रसूता केंद्र ने विशेष अभियान शुरू किया है। इसके तहत राजकीय स्कूल में स्वास्थ्य शिविर लगाकर करीब 100 विद्यार्थियों की जांच की गई। बच्चों को स्वर्ण प्राशन कराया गया और संतुलित खानपान व नियमित दिनचर्या अपनाने के लिए डाइट चार्ट दिए गए। जांच में स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं मिलने पर बच्चों को निशुल्क आयुर्वेदिक दवाएं भी दी गईं। हर महीने अलग-अलग स्कूलों में लगेंगे शिविर आंचल प्रसूता केंद्र की प्रभारी डॉ. स्नेहा रावल ने बताया कि अभियान के तहत हर महीने अलग-अलग स्कूलों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य की जांच करने के साथ उन्हें आयुर्वेद, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है। जांच में मिलीं स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं शिविर के दौरान कुछ बच्चों में सर्दी-जुकाम, पेट दर्द, दस्त और खून व कैल्शियम की कमी जैसी समस्याएं सामने आईं। इन बच्चों को निशुल्क आयुर्वेदिक दवाएं दी गईं। साथ ही, उन्हें संतुलित आहार लेने और खानपान की आदतों में सुधार करने की जानकारी दी गई। हाथ धोने और साफ-सफाई के बताए तरीके शिविर में विद्यार्थियों को नियमित रूप से हाथ धोने, साफ-सफाई रखने, स्नान करने और बीमारियों से बचाव के तरीकों के बारे में बताया गया। बच्चों को अनुशासित दिनचर्या अपनाने और अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए भी प्रेरित किया गया। चिकित्सा टीम ने किया सहयोग शिविर के आयोजन में डॉ. भूपेंद्र राठौर और कंपाउंडर रामबाबू मीणा ने सहयोग किया। अभियान के माध्यम से बच्चों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और कम उम्र से ही अच्छी आदतें विकसित करने पर जोर दिया गया।

