संभल पुलिस ने दहेज हत्या के एक मामले में फरार चल रहे पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह घटना चंदौसी तहसील के बहजोई थाना क्षेत्र के गांव चाटन की है, जहां शादी के आठ महीने बाद एक विवाहिता का शव फांसी पर लटका मिला था। मृतक महिला की पहचान 20 वर्षीय राजकली पत्नी रवि कुमार के रूप में हुई है। थाना प्रभारी राजीव मलिक ने बताया कि पत्नी की मौत के मामले में फरार अभियुक्त पति रवि कुमार पुत्र ओमकार को डियौढाई से टिकटा रोड पर गिरफ्तार किया गया। मेडिकल जांच के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। गुन्नौर तहसील के धनारी थाना क्षेत्र के गांव लहरा भूड़ निवासी नेका सिंह ने अपनी बेटी राजकली की शादी 22 नवंबर 2023 को रवि कुमार के साथ की थी। मायके पक्ष को 8 जुलाई की रात 12 बजे राजकली की तबीयत खराब होने की सूचना मिली थी। राजकली के ताऊ ने इस सूचना से लगभग एक घंटे पहले ही फोन पर अपनी भतीजी से बात की थी और उसे घर लाने की बात कही थी। मृतका के भाई राजेश कुमार का आरोप है कि उन्हें सीधे तौर पर बहन की मौत की जानकारी नहीं दी गई। जब उन्हें कॉल आई, तब वे सोनीपत में थे। पहले बहजोई के कैलाश अस्पताल में राजकली की तबीयत खराब होने की जानकारी दी गई, बाद में संभल के हसीना बेगम अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिली। वहां पहुंचने पर राजेश ने अपनी बहन के गले पर निशान देखे। उन्होंने बताया कि ससुराल वाले चुन्नी से फांसी लगाने की बात कह रहे थे, लेकिन उन्हें यह रस्सी से फांसी लगाए जाने जैसा लगा। राजकली की मौत 10 जुलाई की रात 10 बजे हुई थी। मृतका के भाई राजेश कुमार की शिकायत पर पति रवि पुत्र ओमकार, जेठ जसपाल, कुलदीप, जेठानी सरोज पत्नी कुलदीप और जसबती उर्फ जस्सो पत्नी जसपाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 82(2), 85 और दहेज अधिनियम 1961 की धारा 3 एवं 4 के तहत 10 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज की गई थी।

