भोपाल छोटे तालाब के धोबीघाट के पास 10 अगस्त को मिले 17 वर्षीय किशोर के कत्ल के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। हत्या के बाद किशोर के प्राइवेट पार्ट निकालकर छोटे तालाब में फेंकने की बात सामने आने के बाद गुरुवार की दोपहर को पुलिस आरोपियों को लेकर घटनास्थल पहुंची। पुलिस ने आरोपियों से उस स्थान की जानकारी ली, जहां उन्होंने अंगों को फेंकने की बात कबूल की थी। इसके बाद बताए गए स्थान पर सर्चिंग शुरू की गई। शामला हिल्स और तलैया थाना पुलिस की टीम आरोपियों को लेकर धोबीघाट पहुंची। पुलिस ने उनसे घटनाक्रम दोहरवाते हुए पूछा कि हत्या के बाद शव से अंग निकालने के बाद उन्हें किस रास्ते से ले जाया गया और तालाब में किस जगह फेंका गया। पुलिस अब आरोपियों के बताए स्थान पर प्राइवेट पार्ट की तलाश कर रही है। इससे पहले भी छोटे तालाब में गोताखोरों की मदद से सर्चिंग की जा चुकी है, लेकिन अब तक अंग बरामद नहीं हुए हैं। 1.20 करोड़ रुपए कमाने की थी साजिश पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने किशोर की हत्या कर उसके प्राइवेट पार्ट निकालकर बेचने और करीब 1.20 करोड़ रुपए कमाने की साजिश रची थी। मामले में आमिर कुरैशी (18) और जोहेब खान (20) को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन विधि-विरुद्ध बालकों को हिरासत में लिया गया है। जांच में सामने आया कि जोहेब ने करीब एक महीने पहले एक विधि-विरुद्ध बालक से दोस्ती की थी। उसने खुद को मेडिकल की पढ़ाई करने वाला बताया और एप्रन व आला पहनकर उससे मिलता था। पुलिस के अनुसार जोहेब ने मोबाइल पर आरोपियों को एक वीडियो दिखाया था, जिसमें बेहोश व्यक्ति के प्राइवेट पार्ट निकालने का तरीका बताया गया था। इसके बाद अंग बेचकर बड़ी रकम कमाने का लालच दिया गया और 15-16 साल के किशोर को निशाना बनाने की योजना बनाई गई। 100 रुपए का लालच देकर साथ ले गए 6 अगस्त को दो विधि-विरुद्ध बालक इकबाल मैदान पहुंचे, जहां किशोर पेन और चाबी के छल्ले बेचता था। दोनों ने उसे 100 रुपए देने का लालच देकर अपने साथ लिया। रास्ते में रेतघाट के पास आमिर और दो अन्य विधि-विरुद्ध बालक भी उनके साथ हो गए। चारों किशोर को गिन्नौरी और किलोल पार्क होते हुए छोटे तालाब के धोबीघाट तक ले गए। पुलिस के अनुसार मौके पर किशोर की हत्या करने के बाद आरोपियों ने पहले दिखाए गए वीडियो के आधार पर उसके दोनों प्राइवेट पार्ट निकाल लिए और प्लास्टिक की थैली में रख लिए। अंगों को बेचने का प्रयास सफल नहीं हुआ तो दो-तीन दिन बाद आरोपियों ने उन्हें छोटे तालाब में फेंक दिया। टैटू से हुई थी किशोर की पहचान 10 अगस्त को धोबीघाट के पास अज्ञात किशोर का शव मिला था। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम में पेट और पैर में वार कर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई थी। शव की पहचान के लिए पुलिस ने सोशल मीडिया और घर-घर जाकर प्रयास किए। 15 अगस्त को रानी शाह तलैया थाने पहुंचीं और गुमशुदगी दर्ज कराई। उन्होंने शव के बाएं हाथ पर बने टैटू में ‘एसके’ और उसके नीचे ‘शंकर’ लिखा देखकर उसकी पहचान अपने बेटे के रूप में की थी। अब पुलिस हत्या के बाद पानी में फेंके गए प्राइवेट पार्ट की बरामदगी को लेकर आरोपियों से मिले इनपुट के आधार पर छोटे तालाब में सर्चिंग कर रही है। साथ ही पुलिस मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

