हरदा जिले में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार को ‘कलश वंदन यात्रा’ का शुभारंभ किया गया। यात्रा खेड़ीपुरा स्थित गुरु रविदास मंदिर से पूजा-अर्चना के बाद शुरू हुई। पवित्र जल से भरे कलश के साथ निकली यह यात्रा जिले के विभिन्न गांवों और कस्बों का भ्रमण करेगी। यात्रा का उद्देश्य गुरु रविदास के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है। 20 अगस्त से 10 सितंबर तक चलेगा अभियान यह यात्रा ‘श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं यात्रा’ का हिस्सा है। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार यह अभियान 20 अगस्त से 10 सितंबर 2026 तक जिलेभर में आयोजित किया जाएगा। कलश वंदन यात्रा 21 दिनों में हरदा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचेगी। सामाजिक समरसता का दिया संदेश जिला पंचायत उपाध्यक्ष दर्शन सिंह गहलोत ने कहा कि संत रविदास का संदेश समाज में व्याप्त विषमता को समाप्त कर समरसता और भ्रातृभाव स्थापित करने का है। उन्होंने कहा कि उनके विचारों को भावी पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है। अपर कलेक्टर पुरुषोत्तम कुमार ने कहा कि गुरु रविदास महाराज ने सामाजिक समरसता का संदेश दिया, जिससे प्रेरणा लेकर समाज में सांप्रदायिक सौहार्द बढ़ाने का प्रयास किया जाना चाहिए। जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा ने 650वीं जयंती के अवसर पर सामाजिक समरसता और एकता का संदेश देने का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य ललित पटेल, कमलेश सेजकर, एसडीएम हरदा अशोक डहेरिया, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विभाग प्रमोद माथुर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, समाजसेवी और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

