फरीदाबाद सराय थाना क्षेत्र में बाईपास रोड स्थित एनएचपीसी चौक के पास रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब झाड़ियों में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। युवक की पहचान सूर्या विहार फेज-3 निवासी 30 वर्षीय रवि शर्मा के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद सराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। दवाई लेने के लिए स्कूटी लेकर घर से निकला था मृतक के भाई मनोज शर्मा ने बताया कि शनिवार दोपहर रवि घर से स्कूटी लेकर दवाई लेने के लिए निकला था। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच रविवार को पुलिस को एनएचपीसी चौक के पास झाड़ियों में एक युवक का शव पेड़ से लटका होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो शव की पहचान रवि शर्मा के रूप में हुई। हाथों की नस भी कटी मिली एसीपी सराय संदीप मोर ने बताया कि युवक का शव पेड़ से लटका मिला है। उसके हाथों की नस भी कटी हुई थी। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी मौत के कारणों को लेकर अंतिम रूप से कुछ नहीं कहा जा सकता। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी। दो महीने बाद होनी थी शादी मृतक के भाई मनोज शर्मा ने बताया कि रवि पेशे से जागरण में म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट बजाने का काम करता था। परिवार में उसकी शादी की तैयारी चल रही थी और करीब दो महीने बाद उसकी शादी करने की योजना थी। ऐसे में अचानक उसकी मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजन भी इस घटना से हैरान हैं। पुलिस कर रही मामले की जांच सराय थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि रवि ने यह कदम क्यों उठाया। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

