जोधपुर में बीजेपी-कांग्रेस के बागियों पर आरएलपी की नजर:निगम की 40 सीटें जीतने का लक्ष्य, सोशल इंजीनियरिंग फॉर्मूले के तहत उतारेगी कैंडिडेट

जोधपुर में बीजेपी-कांग्रेस के बागियों पर आरएलपी की नजर:निगम की 40 सीटें जीतने का लक्ष्य, सोशल इंजीनियरिंग फॉर्मूले के तहत उतारेगी कैंडिडेट

जोधपुर नगर निगम के चुनाव में कांग्रेस और भाजपा के अलावा अन्य पार्टियों भी सक्रिय हैं। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने भी निगम की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी की है। आरएलपी का नगीना से सांसद चंद्रशेखर की आजाद समाज पार्टी (एएसपी) और असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम के साथ गठबंधन है। आरएलपी निगम चुनाव में दोनों पार्टियों के समर्थन से मैदान में उतर रही है। पार्टी नेताओं का दावा है कि चंद्रशेखर और ओवैसी का समर्थन उन्हें प्राप्त है और सभी सीटों पर आरएलपी चुनाव लड़ेगी। 50 सीटों पर विशेष फोकस आरएलपी के निगम चुनाव प्रभारी पुखराज कलवानिया ने बताया कि पार्टी 50 सीटों पर विशेष फोकस कर रही है और इनमें से 40 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए पार्टी सोशल इंजीनियरिंग के फार्मूले पर काम कर रही है। इसके तहत पार्टी ने जाट, मुस्लिम और अनुसूचित जाति के बाहुल्य वाली सीटों को चिन्हित किया है। पार्टी इन सीटों पर विशेष फोकस कर रही है। इन वार्डों पर विशेष नजर कलवानिया ने बताया कि पार्टी लूणी विधानसभा और शहर के बाहरी इलाकों में जाट समुदाय के बाहुल्य वाले वार्डों जैसे वार्ड नंबर 76,77,79,80, 89 और मुस्लिम समुदाय के बाहुल्य वाले 31,33,34, 64, 66, 70, 72, 73 वार्डों पर विशेष फोकस कर रही है। पार्टी ने चुनाव के लिए 10 लोगों की कमेटी बनाई है। बीजेपी-कांग्रेस के बागियों पर नजर कलवानिया ने बताया कि पार्टी अपने कार्यकर्ताओं को टिकट के साथ मैदान में उतारने के साथ-साथ कांग्रेस और बीजेपी के बागी होने वाले उम्मीदवारों पर भी नजर बनाए हुए हैं। पार्टी दोनों दलों से बागी होने वाले कैंडिडेट को भी आरएलपी के सिंबल पर मैदान में उतारने का प्रयास करेगी। इसके लिए बीजेपी-कांग्रेस के प्रत्याशियों की लिस्ट का इंतजार किया जा रहा है। वहीं, आम आदमी पार्टी भी निगम चुनाव में कई सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। पार्टी के चुनाव प्रभारी नवीन चौधरी रविवार को जोधपुर में कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। इसके बाद पार्टी उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर सकती है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *