दमोह के फुटेरा तालाब पर मंगलवार शाम दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान नगर पालिका सीएमओ राजेंद्र सिंह लोधी से अभद्रता का आरोप लगा है। इसके विरोध में बुधवार को कर्मचारी संघ ने कलेक्टर और एसपी को ज्ञापन सौंपकर सतीश तिवारी व उनके साथियों पर कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि 20 अक्टूबर को विसर्जन के समय सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग थी। आरोप है कि सतीश तिवारी व उनके साथियों ने बैरिकेडिंग तोड़कर सीएमओ लोधी और कर्मचारियों से बदसलूकी की। जातिगत अपमान, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी हैं। कर्मचारी संघ ने 24 घंटे के भीतर FIR दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। चेतावनी दी गई कि मांग पूरी न होने पर कर्मचारी काम बंद हड़ताल करेंगे। एसपी आनंद कलादगी ने बताया कि कोतवाली टीआई को जांच के निर्देश दिए गए हैं। सीसीटीवी फुटेज भी देखे जा रहे हैं।

