धरमपुरी थाने में खुद को आग लगाने वाली दीपिका ठाकुर की शनिवार को इंदौर के एमवाय अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। 23 अगस्त को दीपिका अपने पति कासिम खान और बच्चों के साथ थाने पहुंची थी। यहां सुनवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए उसने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली थी। घटना के बाद उसे गंभीर हालत में इंदौर रेफर किया गया था, जहां शनिवार दोपहर करीब 3 बजे उसकी मौत हो गई। दीपिका की मौत के बाद उसका एक वीडियो सामने आया है। पति कासिम का दावा है कि यह वीडियो दीपिका के आग लगाने से कुछ समय पहले का है। वीडियो में दीपिका पुलिस कार्यालय में नजर आ रही है और करीब 8-9 महीने से न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर लगाने की बात कह रही है। वीडियो में बोली- मेरे ही घरवालों ने मारपीट की वीडियो में दीपिका कहती सुनाई दे रही है कि उसके ही घरवालों ने उसके साथ मारपीट और शारीरिक प्रताड़ना की। इस संबंध में उसने पुलिस और एसपी कार्यालय में कई बार आवेदन देने की बात कही। उसका आरोप है कि शिकायत के बावजूद न तो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई और न ही निष्पक्ष कार्रवाई की गई। दीपिका वीडियो में कहती है कि जिन लोगों के खिलाफ शिकायत की है, वे खुलेआम घूम रहे हैं और वह लगातार अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगा रही है, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हो रही। जिनके पास पावर, उन्हीं की सुनवाई वीडियो में दीपिका पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल उठाती नजर आ रही है। उसका कहना है कि ऐसा लगता है कि यहां उन्हीं लोगों की सुनवाई होती है, जिनके पास राजनीतिक या किसी तरह का प्रभाव और पावर है। वह यह भी कहती है कि वह अपने तीन बच्चों के साथ कई महीनों से न्याय के लिए भटक रही है। वीडियो के दौरान एक पुलिसकर्मी उसके हाथ से मोबाइल लेता हुआ भी दिखाई देता है। हालांकि वीडियो की परिस्थितियों और उसकी पूरी पृष्ठभूमि की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। एक पुराने वीडियो में परिवार पर लगाए थे आरोप दीपिका का एक पुराना वीडियो भी सामने आया है। इसमें वह कहती है कि यदि उसे कुछ होता है तो उसके माता-पिता, भाई-बहन, भाभी और बड़े पापा जिम्मेदार होंगे। वह इसके पीछे मुस्लिम युवक कासिम से शादी करने को लेकर परिवार की नाराजगी का आरोप लगाती है। वीडियो में उसके तीन बच्चे भी नजर आ रहे हैं। पुलिस का दावा- संपत्ति और रुपए के लिए बना रही थी दबाव पुलिस के मुताबिक दीपिका अपने पिता और भाई से संपत्ति और रुपए दिलाने की मांग को लेकर पुलिस पर दबाव बना रही थी। पुलिस का कहना है कि घटना के दौरान उसके पति कासिम ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता और गाली-गलौज की। पुलिस के अनुसार इसी दौरान दीपिका ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। आग बुझाने के प्रयास में सब इंस्पेक्टर अतुल जोशी सहित एक अन्य पुलिसकर्मी भी झुलस गए। दीपिका 25 प्रतिशत से अधिक झुलसी थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे इंदौर के एमवाय अस्पताल रेफर किया गया था। पुलिस के मुताबिक दीपिका और उसके पति कासिम के खिलाफ धामनोद थाने में दो और धरमपुरी थाने में एक प्रकरण दर्ज है। घटना के बाद कासिम के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, पुलिसकर्मियों से अभद्रता और मारपीट सहित बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। जनवरी से विवादों में था मामला दीपिका का नाम इस साल जनवरी में चर्चा में आया था। 14 जनवरी को धरमपुरी विधायक कालू सिंह ठाकुर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दीपिका पर 2 करोड़ रुपए और गाड़ी मांगकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया था। विधायक ने आरोप लगाया था कि महिला और उसके पति ने झूठी एफआईआर और मेडिकल रिपोर्ट में फंसाने की धमकी दी थी। इसके बाद धरमपुरी और धामनोद थाने में मामले दर्ज हुए। 16 जनवरी को विधायक और दीपिका से जुड़े 10 से ज्यादा ऑडियो-वीडियो वायरल हुए थे। इसके बाद 17 जनवरी को धामनोद पुलिस ने दीपिका और उसके पति कासिम खान को लखनऊ से गिरफ्तार किया था। जून में बच्चे को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ी थी इससे पहले 3 जून को दीपिका अपने छोटे बच्चे को लेकर धरमपुरी नगर परिषद परिसर की पानी की टंकी पर चढ़ गई थी। शाम करीब 6 बजे शुरू हुआ घटनाक्रम रात करीब 9 बजे तक चला। पुलिस और मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया था। उस समय भी उसने विधायक पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया था। इससे पहले मोबाइल टावर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी देने की बात भी सामने आई थी। पति का आरोप- थप्पड़ के बाद लगाई आग दीपिका का शव एमवाय अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम में रखा गया है। पोस्टमार्टम रविवार को होने की बात सामने आई है। पति कासिम ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी को काफी प्रताड़ित किया गया। उसका दावा है कि थाने में एक पुलिसकर्मी ने दीपिका को थप्पड़ मारा, जिसके बाद उसने खुद को आग लगा ली। पढ़ें पूरी खबर महिला ने थाने में पेट्रोल डालकर खुद को आग लगाई: बचाने में दो पुलिसकर्मी झुलसे धार जिले के धरमपुरी थाने में रविवार शाम साढ़े 5 बजे एक महिला ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। इस घटना में महिला को बचाने की कोशिश में दो पुलिसकर्मी भी झुलस गए। महिला को प्राथमिक इलाज के बाद इंदौर रेफर किया गया है। पढ़ें पूरी खबर…

