बांदा में रविवार दोपहर करीब 12 बजे तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान जैसाईपुर गांव निवासी महेश पुत्र जागेश्वर सिंह के रूप में हुई है। वह घर से खेत की ओर जा रहे थे, तभी सामने से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक उन्हें करीब 20 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मामला तिंदवारी थाना क्षेत्र के माटा गांव का है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने लगाया जाम घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। बुजुर्ग की मौत और शव ट्रक में फंसा देखकर लोगों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि इस रास्ते पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण लगातार हादसों का खतरा बना रहता है। उन्होंने सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनवाने की भी मांग की। एक घंटे बाद खुला जाम जाम की सूचना पर तिंदवारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस के कार्रवाई के भरोसे के बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। जाम खुलने के बाद पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर शव बाहर निकलवाया। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है और ट्रक चालक की तलाश जारी है।

