यमुना एक्सप्रेसवे पर 2 हादसों में 2 युवकों की मौत:नौहझील क्षेत्र में देर रात हुए, टायर बदलते समय कैंटर ने रौंदा; 4 लोग घायल

यमुना एक्सप्रेसवे पर 2 हादसों में 2 युवकों की मौत:नौहझील क्षेत्र में देर रात हुए, टायर बदलते समय कैंटर ने रौंदा; 4 लोग घायल

मथुरा के नौहझील थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात करीब 2:30 बजे हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। पहला हादसा रात करीब ढाई बजे माइलस्टोन 64.500 पर हुआ। नोएडा से आगरा की ओर जा रहे कैंटर का टायर फटने के बाद उसमें सवार दो युवक सड़क पर टायर बदल रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए दूसरे कैंटर ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे में गाजियाबाद निवासी हरिपाल (40) और बागपत के खिदाना निवासी भीमसिंह (38) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को सीएचसी नौहझील पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अंजीश कुमार और उपनिरीक्षक हरेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। हादसे में कैंटर चालक गाजियाबाद निवासी विश्वनाथ सुरक्षित बच गया। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए और परिजनों को सूचना दे दी। पहली दुर्घटना के करीब 300 मीटर आगे इसी कैंटर को पीछे से एक ट्रक ने टक्कर मार दी। इसमें हमीरपुर के बरुआ निवासी हनी गुप्ता और दूसरी गाड़ी के परिचालक मुरैना के खादिया सातों निवासी विशाल लोधी घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए सीएचसी नौहझील में भर्ती कराया गया है। वहीं, दूसरा हादसा रात करीब पौने 12 बजे माइलस्टोन 63 के पास आगरा से नोएडा जाने वाली लेन में हुआ। पुलिस के अनुसार, आगरा की ओर से आ रही आयशर डीसीएम का गियर बॉक्स खराब होने के कारण वह एक्सप्रेसवे पर खड़ी हो गई थी। इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार एचएफ डीलक्स बाइक खड़े वाहन से जा टकराई। हादसे में महोबा के रहेलिया गांव निवासी बाइक सवार मायादीन और वर्धानी गंभीर रूप से घायल हो गए। पीआरवी की सूचना पर पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बाइक और डीसीएम को सड़क से हटवाकर यातायात चालू कराया गया। पुलिस मामले में शिकायत मिलने पर जरूरी कार्रवाई करेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *