तुर्की ने यात्रियों से भरे ईरान के विमान को टेकऑफ से पहले किया जब्त

तुर्की ने यात्रियों से भरे ईरान के विमान को टेकऑफ से पहले किया जब्त

तुर्की (Turkey) में सोमवार को एक असामान्य घटना घटित हुई। ईरान (Iran) की कैस्पियन एयरलाइन्स (Caspian Airlines) का बोइंग 737 विमान (रजिस्ट्रेशन नंबर EP-KPB) इस्तांबुल एयरपोर्ट से टेकऑफ करने ही वाला था, लेकिन तभी कुछ ऐसा हुआ जिसके बारे में शायद ही किसी ने सोचा होगा। टेकऑफ से ठीक पहले इस विमान को जब्त कर लिया गया।

किस वजह से किया गया विमान जब्त?

बताया जा रहा है कि अधिकारियों ने इस्तांबुल एयरपोर्ट पर विमान में घुसकर इसे जब्त किया। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई 3.5 मिलियन डॉलर (करीब 33.5 करोड़ रूपए) के बकाया कर्ज़ के दावे के कारण की गई। यह काम तुर्की की अदालत के आदेश पर किया गया।

विमान में यात्री थे सवार

जिस समय विमान को जब्त किया गया, उस समय वो तुर्की से ईरान की उड़ान भरने ही वाला था। सभी यात्री भी विमान में बैठ चुके थे, लेकिन टेकऑफ होने से पहले ही उसकी उड़ान रोक दी गई और जब्त कर लिया गया। विमान को इस तरह से जब्त करने से यात्रियों को भी काफी परेशानी हुई जो समय पर अपनी मंज़िल तक नहीं पहुंच पाए।

किसका कर्ज़ है बकाया?

बताया जा रहा है कि यह कर्ज़ तुर्की की एविएशन सर्विस कंपनी ACM Temsil Gözetim का था, जो एयरपोर्ट सर्विसेज़ से जुड़ा था। कंपनी के वकीलों और कोर्ट के जमानतदारों (बेलिफ्स) ने विमान के पास पहुंचकर जब्ती का आदेश उनके सामने पेश किया। जब्त करने के बाद विमान से यात्रियों और केबिन क्रू मेम्बर्स को तुरंत उतारकर टर्मिनल वापस भेज दिया गया और विमान वहीं रुक गया। ईरान की सिविल एविएशन ऑर्गेनाइज़ेशन के प्रवक्ता मजीद अखवान ने भी पुष्टि की कि कर्ज़ एयरपोर्ट सर्विसेज़से संबंधित है। कैस्पियन एयरलाइन्स ईरान की राजधानी तेहरान स्थित कंपनी है, जिसकी स्थापना 1993 में हुई थी। यह ईरान के स्टेट एविएशन ग्रुप का हिस्सा मानी जाती है और डोमेस्टिक के साथ ही इंटरनेशनल उड़ानें भी ऑपरेट करती हैं। जब्त किया गया विमान 737-500 सीरीज़ का है, जो 2020 में कंपनी के बेड़े में शामिल हुआ था। कंपनी ने बयान जारी करते हुए इसे तुर्की में प्रशासनिक मुद्दा बताया और कहा कि कानूनी व प्रशासनिक कदम उठाए जा रहे हैं। कंपनी ने वैकल्पिक व्यवस्था की ताकि उड़ानें जारी रह सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *