तुकाराम मुंढे का सख्त रुख, शाहरुख खान समेत 3 अभिनेताओं पर कानूनी कार्रवाई की तैयारी, अगले सप्ताह होगा फैसला

तुकाराम मुंढे का सख्त रुख, शाहरुख खान समेत 3 अभिनेताओं पर कानूनी कार्रवाई की तैयारी, अगले सप्ताह होगा फैसला

Vimal Elaichi Advertisement: विमल इलायची के विज्ञापन को लेकर बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की जांच में तीनों अभिनेताओं की ओर से विज्ञापन के दौरान नियमों का उल्लंघन किए जाने की बात सामने आई है। विभाग के आयुक्त तुकाराम मुंढे ने इसकी जानकारी दी है। अब मामले में कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

पहले भेजा था नोटिस

तुकाराम मुंढे ने पत्रकार वार्ता में बताया कि तीनों अभिनेताओं को विज्ञापन और उसमें किए गए दावों को लेकर नोटिस भेजा गया था। विभाग ने उनका पक्ष भी सुना। इसके बाद नोटिस जारी करने वाले सहायक आयुक्त ने अपनी रिपोर्ट में नियमों के उल्लंघन की बात दर्ज की है। मुंढे के अनुसार अब यह मामला उस सह आयुक्त के पास भेजा जाएगा, जिन्हें आगे का फैसला लेने का अधिकार है। अगले सप्ताह तक मामला उनके पास पहुंचने की उम्मीद है। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया शुरू होगी। मुंढे ने यह भी बताया कि अभिनेता अजय देवगन ने इस मामले में मुंबई हाईकोर्ट में याचिका दायर की है।

अगस्त में भेजा गया था नोटिस

एफडीए ने तीनों अभिनेताओं को अगस्त में नोटिस जारी किया था। विभाग का कहना था कि विमल इलायची का विज्ञापन भले ही अलग उत्पाद के रूप में दिखाया जा रहा हो, लेकिन इसका संबंध पान मसाला ब्रांड से है। महाराष्ट्र में पान मसाले के उत्पादन, भंडारण, परिवहन, वितरण और बिक्री पर प्रतिबंध लागू हैं। ऐसे उत्पादों के प्रचार पर भी नियमों के तहत रोक है।

विज्ञापन हटाने के भी दिए थे निर्देश

नोटिस में तीनों अभिनेताओं से विमल पान मसाला और इलायची के विज्ञापनों में हिस्सा लेना तथा उत्पाद का प्रचार करना बंद करने को कहा गया था। साथ ही अपने आधिकारिक सोशल मीडिया खातों से संबंधित विज्ञापन और प्रचार सामग्री हटाने के निर्देश दिए गए थे। एफडीए ने यह भी कहा था कि भविष्य में इस विज्ञापन के प्रसारण या प्रचार में किसी तरह का सहयोग नहीं किया जाए।

इसके अलावा अभिनेताओं से दस्तावेज मांगे गए थे, जिनसे यह स्पष्ट हो सके कि विमल इलायची एक स्वतंत्र उत्पाद है या विमल पान मसाला और तंबाकू उत्पाद के ब्रांड के विस्तार के रूप में इसका प्रचार किया जा रहा है। तीनों अभिनेताओं पर विज्ञापनों में उत्पाद को कथित तौर पर गलत तरीके से पेश करने का आरोप है। अब सह आयुक्त के फैसले के बाद मामले में आगे की कार्रवाई तय होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *