उज्जैन में डेयरी पर खाद्य विभाग की कार्रवाई:चीज-घी और दूध के 5 सैंपल भोपाल लैब भेजे; 16.5 किलो खाद्य सामग्री जब्त

उज्जैन में डेयरी पर खाद्य विभाग की कार्रवाई:चीज-घी और दूध के 5 सैंपल भोपाल लैब भेजे; 16.5 किलो खाद्य सामग्री जब्त

उज्जैन में त्योहारी सीजन के दौरान खाद्य सामग्री में मिलावट की आशंका को देखते हुए शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया। खाद्य विभाग की टीम ने तराना तहसील के ग्राम टुकराल स्थित एलाईट डेयरी प्रोडक्ट्स पर कार्रवाई की। टीम ने यहां तैयार किए जा रहे चीज, घी और दूध के कुल 5 नमूने जांच के लिए लिए। वहीं, मिलावट की आशंका के आधार पर 7.5 किलोग्राम घी और 9 किलोग्राम नाचोज चीज जब्त किया। चीज के 3, घी और दूध का एक-एक सैंपल लिया खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने डेयरी का निरीक्षण कर चीज के 3, घी का 1 और दूध का 1 नमूना लिया। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उनमें मिलावट की स्थिति स्पष्ट होगी। जांच में नमूने अमानक पाए जाने पर संबंधित डेयरी संचालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मिठाई-मावे के साथ डेयरी उत्पादों की भी जांच त्योहारी सीजन को देखते हुए विभाग ने जांच केवल मिठाई और मावे तक सीमित नहीं रखी है। घी, दूध और अन्य डेयरी उत्पादों की भी निगरानी की जा रही है। खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम मावा और घी निर्माण स्थलों का भी निरीक्षण कर रही है। नमूने लेने से पहले स्टार्च, शर्करा और वनस्पति जैसी संभावित मिलावट की पहचान के लिए प्रारंभिक परीक्षण भी किए जा रहे हैं। विभाग ने लोगों से अपील की है कि खाद्य सामग्री केवल वैध लाइसेंस या पंजीयन वाले प्रतिष्ठानों से ही खरीदें। मिलावट की आशंका होने पर संबंधित विभाग में शिकायत करें।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *