Taiwan China Tensions: चीन और ताइवान के बीच तनाव के बीच ताइवान के आसपास चीनी सैन्य और समुद्री गतिविधियां लगातार चर्चा में हैं। ताइवान के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, सोमवार सुबह तक उसके क्षेत्र के आसपास चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के विमानों की 4 उड़ानों, नौसेना (PLAN) के 6 जहाजों और 3 आधिकारिक जहाजों का पता चला। वहीं, ताइवान के तटरक्षक प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार, पिछले महीने उसके आसपास के समुद्री क्षेत्र में चीन के 244 जहाजों की मौजूदगी दर्ज की गई। इन गतिविधियों के बीच ताइवान की सेना स्थिति पर नजर रख रही है।
ताइवान के एयरस्पेस में घुसा चीनी फाइटर जेट
ताइवान रक्षा मंत्रालय के अनुसार, सोमवार सुबह 6 बजे तक ताइवान के समुद्री व हवाई क्षेत्र के आसपास चीनी सेना की 4 उड़ानें, 6 युद्धपोत और 3 आधिकारिक जहाज देखे गए। चौंकाने वाली बात यह रही कि चीनी विमानों ने ताइवान की मध्य रेखा (Median Line) को लांघकर ताइवान के उत्तरी, मध्य और दक्षिण-पश्चिमी वायु रक्षा क्षेत्र में सीधी घुसपैठ की। इससे ठीक एक दिन पहले रविवार को भी चीन के 12 लड़ाकू विमान और 6 युद्धपोत ताइवान की सीमा के करीब मंडराते हुए पाए गए थे।
समंदर में बढ़ गई है चीन की जहाजों की फौज
ताइवान कोस्ट गार्ड एडमिनिस्ट्रेशन (CGA) के आंकड़ों ने दुनिया की चिंता और बढ़ा दी है। आंकड़ों के अनुसार, पिछले महीने ताइवान के आसपास चीन के करीब 244 जहाजों की आवाजाही दर्ज की गई, जो मई और जून की तुलना में कई गुना अधिक है। इसका सीधा मतलब यह है कि औसतन रोजाना करीब 8 चीनी जहाज ताइवान के मुहाने पर पहरा दे रहे हैं। इनमें से लगभग 60 फीसदी जहाज चीन के तटरक्षक बल के हैं, जो सीधे तौर पर ताइवान पर दबाव बनाने की रणनीति का हिस्सा हैं।
‘रिसर्च’ की आड़ में पनडुब्बी युद्ध की तैयारी?
चीन की इस चालबाजी में सबसे खतरनाक पहलू उसके नागरिक ‘रिसर्च शिप्स’ का इस्तेमाल है। विशेषज्ञों का मानना है कि समंदर में शोध के नाम पर चीन डेटा जुटा रहा है। अमेरिकी नेवल वॉर कॉलेज के विशेषज्ञ रयान डी. मार्टिनसन के अनुसार, चीनी नागरिक जहाजों द्वारा जुटाया गया डेटा सीधा चीनी सेना को दिया जाता है। इस डेटा का इस्तेमाल भविष्य में पनडुब्बी रोधी युद्ध (Anti-Submarine Warfare) में ताइवान को घेरने के लिए किया जा सकता है।

