भीलवाड़ा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य सामग्री की गुणवत्ता जांचने के लिए अभियान चलाया। इस दौरान तीन टीमों ने शहर के प्रमुख मॉल, खाद्य प्रतिष्ठानों, फैक्ट्री और ढाबों की एक साथ जांच की। टीमों ने खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा नियमों की जांच की। कार्रवाई के दौरान खराब और फंगस लगी खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवाया गया, जबकि कुछ खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए लिए गए। डी-मार्ट में फंगस लगे काजू-पिस्ता मिले शहर के डी-मार्ट में खाद्य सामग्री की जांच के दौरान 50 किलो खराब और फंगस लगे काजू-पिस्ता मिले। टीम ने इन्हें मौके पर ही नष्ट करवा दिया। दूसरी कार्रवाई में अजमेर रोड स्थित केक एन फैक्ट्री से 8 किलो बेकरी प्रोडक्ट नष्ट करवाए गए। वहीं माण्डल चौराहा स्थित यूनिक ढाबा से अंडे और दूसरी खाद्य सामग्री सहित 10 किलो खराब प्रोडक्ट नष्ट करवाए गए। रिलायंस और सिटी सेंटर मॉल की भी जांच खाद्य सुरक्षा टीमों ने रिलायंस मॉल और सिटी सेंटर मॉल का भी निरीक्षण किया। यहां रखी खाद्य सामग्री की क्वालिटी, पैकेजिंग और रख-रखाव की जांच की गई। टीम ने खाद्य सुरक्षा से जुड़ी दूसरी व्यवस्थाओं को भी देखा और जरूरी सुधार के लिए निर्देश दिए। तेल, घी और धनिया पाउडर के सैंपल लिए जांच के दौरान नेहरू रोड स्थित ब्लीकंट ई-कॉमर्स से कच्ची घाणी सरसों तेल का सैंपल लिया गया। वहीं शास्त्रीनगर स्थित द ओमजी सुपरमार्ट से घी और धनिया पाउडर के सैंपल लिए गए। संबंधित जगहों को खाद्य सुरक्षा मानकों में जरूरी सुधार के लिए सुधारात्मक नोटिस भी जारी किए गए। सैंपल जांच के लिए अजमेर भेजे खाद्य सामग्री के लिए गए सैंपल जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला, अजमेर भेजे गए हैं। प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान तीन टीमों ने अलग-अलग जगहों पर जांच की। पहली टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार, साक्षी जैन, शाहरूख खान और विजय मेहता शामिल रहे। दूसरी टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी कुलदीप चौधरी, नीरज मीना, अंकित शर्मा और संजय वर्मा ने कार्रवाई की। तीसरी टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव अपनी टीम के साथ अलग-अलग जगहों पर जांच करने पहुंचे। खराब खाद्य सामग्री मिलने पर कार्रवाई जारी रहेगी सीएमएचओ डॉ. संजीव शर्मा ने बताया कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि खराब, मिलावटी या खाद्य सुरक्षा नियमों के अनुसार नहीं मिलने वाली सामग्री पाए जाने पर नियमों के तहत सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

