भास्कर न्यूज | जालंधर डिप्टी डायरेक्टर डेयरी कपलमीत सिंह ने बताया कि पंजाब सरकार किसानों की आय बढ़ाने और डेयरी पेशे को अधिक लाभकारी बनाने के लिए लगातार विशेष प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि डेयरी विभाग की ओर से डेयरी से जुड़े किसानों को नवीनतम तकनीकों की जानकारी समय-समय पर उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि उत्पादन और प्रबंधन में सुधार हो सके। डिप्टी डायरेक्टर के अनुसार कृषि एवं किसान कल्याण, पशुपालन, मछली पालन और डेयरी विकास मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां तथा डायरेक्टर, डेयरी विकास विभाग वरियाम सिंह गिल के नेतृत्व में डेयरी किसानों को आवश्यक मशीनरी, दुग्धारू पशुओं, विभागीय मानकों के अनुरूप तैयार आधुनिक कैटल शेड, चारे की कटाई के लिए सिंगल रो फोडर हार्वेस्टर और दूध दुहने वाली मशीनों पर सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने फोडर हारवेस्टर मशीनें लगाई हैं या निर्धारित मानकों के अनुसार आधुनिक कैटल शेड बनाए हैं, वे योजना का लाभ लेने के लिए डिप्टी डायरेक्टर डेयरी कार्यालय, लाडोवाली रोड, आर.डी.डी.एल. कॉम्प्लेक्स, जालंधर में संपर्क करें। उन्होंने जिले के सभी डेयरी किसानों से विभाग की विभिन्न योजनाओं और सब्सिडियों का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।

