छतरपुर जिले के सटई थाना क्षेत्र के सिलावट गांव में तेज रफ्तार ट्रैक्टर पलटने से 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हादसे में उसका बड़ा भाई और ट्रैक्टर चालक मामूली रूप से घायल हो गए। दोनों भाई ट्रैक्टर पर सवार होकर मूंगफली की कटाई के लिए खेत जा रहे थे। मृतक के पिता ने चालक पर लापरवाही से ट्रैक्टर चलाने का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार, सिलावट गांव निवासी किसान रामस्वरूप पाल का 15 वर्षीय बेटा उमेश पाल अपने बड़े भाई भगवत पाल के साथ ट्रैक्टर पर सवार था। ट्रैक्टर राम पाल चला रहा था। आरोप है कि ट्रैक्टर की रफ्तार अधिक होने पर उमेश और उसके बड़े भाई ने चालक से धीमे चलाने को कहा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि ट्रैक्टर धीमे नहीं चला सकते तो उन्हें नीचे उतार दिया जाए, लेकिन चालक ने उनकी बात नहीं मानी। सड़क की पटरी से नीचे उतरकर पलटा ट्रैक्टर
बताया गया कि रात करीब 8:30 बजे तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क की पटरी से नीचे उतर गया और पलट गया। हादसे में उमेश पाल की मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई भगवत पाल और चालक राम पाल मामूली रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पिता ने चालक पर लगाया लापरवाही का आरोप
मृतक के पिता रामस्वरूप पाल का आरोप है कि ट्रैक्टर चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण उनके बेटे की जान गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हादसे के कारणों और आगे की कार्रवाई के संबंध में पुलिस जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

