टीकमगढ़ में शुक्रवार से मानसून फिर से सक्रिय हो गया है। रुक-रुक कर बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटे में जिले में करीब 1 इंच औसत बारिश दर्ज की गई। इसके साथ ही जिले में अब तक कुल 35.5 इंच औसत बारिश हो चुकी है। हालांकि, पिछले साल इसी दिन तक 52.5 इंच औसत बारिश रिकॉर्ड की गई थी। पिछले 24 घंटे में टीकमगढ़ तहसील में 32 मिलीमीटर (1 इंच से ज्यादा) और बड़ागांव में 1 इंच बारिश दर्ज हुई। बल्देवगढ़, खरगापुर, जतारा, मोहनगढ़ और लिधौरा में करीब आधा इंच बारिश हुई। पलेरा तहसील में सबसे ज्यादा 44 मिलीमीटर (करीब 2 इंच) बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम में बदलाव से दिन के तापमान में कमी आई है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 32.02 डिग्री था, जो शुक्रवार को घटकर 31.3 डिग्री हो गया। न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री रहा। आज सुबह से आसमान में बादल छाए हैं और मौसम विभाग ने दोपहर बाद फिर बारिश की संभावना जताई है। सुजारा बांध के गेट बंद पिछले तीन दिनों तक बारिश रुकने के कारण बान सुजारा बांध के सभी गेट बंद कर दिए गए हैं। बांध प्रबंधन ने बताया कि बांध 315.70 मीटर तक भर चुका है। इसकी कुल भराव क्षमता 316.50 मीटर है, यानी बांध करीब 86.26 फीसदी भर गया है। धसान नदी के ऊपरी हिस्से से बांध में 150 घन मीटर प्रति सेकंड की रफ्तार से पानी आ रहा है। जरूरत पड़ने पर बांध के गेट खोलकर फिर से पानी छोड़ा जाएगा। अभी भी 40 इंच कम टीकमगढ़ में औसत बारिश का आंकड़ा 1000 मिलीमीटर (करीब 40 इंच) है। जिले की तीन तहसीलों में सामान्य औसत से ज्यादा बारिश हो चुकी है। पलेरा तहसील में सबसे ज्यादा 1364 मिलीमीटर (करीब 54.5 इंच) बारिश दर्ज हुई है। टीकमगढ़ तहसील में 43 इंच और खरगापुर में 42 इंच बारिश हो चुकी है। लिधौरा तहसील में सबसे कम 22 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है।

