खंडवा में छह दिन बाद फिर बदला मौसम:24 घंटे में 18 मिमी बारिश; अगले दो दिन भी बारिश के आसार

खंडवा में छह दिन बाद फिर बदला मौसम:24 घंटे में 18 मिमी बारिश; अगले दो दिन भी बारिश के आसार

खंडवा जिले में शुक्रवार से शुरू हुआ बारिश का दौर शनिवार सुबह भी जारी रहा। सुबह शहर में हल्की से मध्यम बारिश हुई। इसके बाद दिनभर आसमान में बादल छाए रहे, जिससे मौसम सुहाना हो गया। पिछले 24 घंटे में खंडवा में 18 मिमी यानी करीब पौन इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। लंबे अंतराल के बाद हुई बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। वहीं, खरीफ फसलों के लिए भी यह बारिश राहत लेकर आई है। तेज हवा और गरज-चमक के साथ हुई बारिश शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे शहर में तेज हवा, आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हुई थी। करीब छह दिन बाद बारिश होने से मौसम में अचानक बदलाव आया। शुक्रवार की बारिश के बाद शनिवार सुबह भी बूंदाबांदी और बारिश हुई। दिनभर बादल छाए रहने से तापमान में भी राहत बनी रही। अगले दो दिन बारिश के आसार मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुए मानसून सिस्टम के कारण जिले में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं। अगले दो दिनों तक जिले में मौसम सक्रिय रहने की संभावना है। इस दौरान कई इलाकों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई है। 13 सितंबर को बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं। जिले में कहीं-कहीं तेज बारिश के साथ वज्रपात की स्थिति बन सकती है। सोयाबीन-मक्का को मिली नमी लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण खेतों में नमी कम हो गई थी। इससे सोयाबीन, मक्का समेत अन्य खरीफ फसलों को पानी की जरूरत थी। पिछले 24 घंटे में हुई 18 मिमी बारिश से खेतों में नमी बढ़ी है। किसानों को उम्मीद है कि अगले दो दिनों में अच्छी बारिश होती है तो फसलों को और फायदा मिलेगा। खासकर सोयाबीन और मक्का की फसल के लिए यह बारिश उपयोगी मानी जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *