सहारनपुर में फर्जी दस्तावेजों से एक वाहन पर 5.49 लाख रुपए का लोन लेने का मामला सामने आया है। एसके फाइनेंस लिमिटेड ने सदर बाजार थाने में दो आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर शनिवार सुबह आठ बजे मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कंपनी के अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता तुषार गर्ग ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि एसके फाइनेंस लिमिटेड गैर-बैंकिंग वित्तीय संस्था है। आरोप है कि 3 जुलाई 2026 को आरोपी शैलेश कुमार निवासी अस्लामपुर बर्थआ ने कंपनी को कथित तौर पर गलत जानकारी देकर अनुबंध खाता संख्या 6652716 के तहत महिंद्रा स्कॉर्पियो S5 MH 2W 140, रजिस्ट्रेशन नंबर UP11BX9873, इंजन नंबर XML4C11144 और चेसिस नंबर MAITA2XM2L2E21153 पर 5,49,000 रुपए का लोन लिया। शिकायत के अनुसार, दूसरा आरोपी कैफ अंसारी कंपनी की सहारनपुर शाखा में सेल्स ऑफिसर (एम्प्लॉयी कोड 45552) था। उसकी जिम्मेदारी वाहन और लोन लेने वाले व्यक्ति की फील्ड जांच करना, पते का सत्यापन करना और ग्राहक के दस्तावेजों की जांच करना थी। आरोप है कि कैफ अंसारी ने अपनी जिम्मेदारियों को पूरा नहीं किया। उसने शैलेश कुमार के साथ मिलकर कथित फर्जी दस्तावेजों (जिनमें NOC भी शामिल थी) का सत्यापन किए बिना लोन प्रस्ताव आगे बढ़ा दिया। इसके बाद वाहन पर लोन पास होकर मिल गया, जिससे कंपनी को आर्थिक नुकसान हुआ। कुछ समय बाद मोनू नाम के एक व्यक्ति ने इसी वाहन पर हरिद्वार शाखा में दोबारा लोन के लिए आवेदन किया। इसके बाद मामले की जांच की गई। जांच में पता चला कि वाहन पहले से ही महिंद्रा एंड महिंद्रा फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड से फाइनेंस था और उस पर हाइपोथिकेशन दर्ज था। तब शैलेश कुमार द्वारा दी गई NOC फर्जी पाई गई। कंपनी ने इसे धोखाधड़ी, जालसाजी और फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर आर्थिक फायदा लेने का मामला बताया। उन्होंने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

