टीकमगढ़ में बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय माधवराव सिंधिया की 25वीं पुण्यतिथि मनाई। सर्किट हाउस स्थित माधवराव सिंधिया स्मृति उद्यान में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष सरोज राजपूत ने स्वर्गीय सिंधिया को सच्चा जनसेवक बताया। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश के विकास में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। पुष्पांजलि सभा के संयोजक और भाजपा जिला उपाध्यक्ष विकास यादव ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि माधवराव सिंधिया का नाम भारतीय राजनीति में सम्मान से लिया जाता है और वे जनसेवकों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। करीब तीन साल पहले सर्किट हाउस में स्वर्गीय माधवराव सिंधिया की आदमकद प्रतिमा लगाई गई थी। इसका उद्घाटन तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया था। इस कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री मनोज देवलिया, गोपाल सिंह राय, रविंद्र श्रीवास्तव, स्वप्निल तिवारी, विवेक अग्रवाल, संध्या सोनी, नरेश तिवारी, शक्ति राय, पंकज प्रजापति, संदीप पायक सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

