टाइगर श्रॉफ से मिलने पहुंचे एकनाथ शिंदे तो छलका प्रदीप पूर्णेकर परिवार का दर्द, बेटे का सवाल- हमारे लिए वक्त नहीं?

टाइगर श्रॉफ से मिलने पहुंचे एकनाथ शिंदे तो छलका प्रदीप पूर्णेकर परिवार का दर्द, बेटे का सवाल- हमारे लिए वक्त नहीं?

Tiger Shroff Firing Case: ठाणे में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के विभाग प्रमुख प्रदीप पूर्णेकर की हत्या के 19 दिन बाद भी उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे उनके परिवार से मिलने नहीं पहुंचे। वहीं अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी की घटना के बाद शिंदे तुरंत उससे मिलने उसके घर पहुंच गए। इस पर प्रदीप पूर्णेकर के बेटे राम पूर्णेकर ने नाराजगी जताते हुए शिंदे पर सवाल उठाए। राम पूर्णेकर ने कहा कि शिंदे के पास उनके परिवार से मिलने का समय नहीं है। उन्होंने सोशल मीडिया पर भी अभिनेता से मुलाकात को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की।

एकनाथ शिंदे से की मांग

राम के अनुसार उनके परिवार से मिलने के लिए शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे पहुंचे थे और वही उनके परिवार का सहारा हैं। प्रदीप पूर्णेकर की हत्या के बाद से ही उनके परिवार ने शिवसेना की नगरसेविका और पूर्व महापौर मीनाक्षी शिंदे तथा उनके पति राजेंद्र शिंदे पर आरोप लगाए थे। राजेंद्र शिंदे पार्टी में विभाग प्रमुख हैं। इन आरोपों के चलते मामला लगातार चर्चा में है। राम पूर्णेकर ने कहा कि एकनाथ शिंदे को पार्टी के मुख्य नेता के तौर पर मीनाक्षी और राजेंद्र शिंदे के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए थी।

आंदोलन की चेतावनी

उन्होंने बताया कि दशहरे के बाद मंगलवार को वे ठाणे में नितिन कंपनी स्थित शिंदे के निजी आवास के बाहर आंदोलन करेंगे। परिवार न्याय की मांग को लेकर अनशन या सार्वजनिक मोर्चा निकालकर अपना संघर्ष जारी रखेगा। बता दें कि दो दिन पहले परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने पूर्णेकर परिवार से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने फोन पर परिवार की बात उपमुख्यमंत्री शिंदे से भी कराई थी। वहीं दूसरी तरफ टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी की घटना हुई तो शिंदे तुरंत अभिनेता से मिलने पहुंच गए और उसकी तबीयत की जानकारी ली। इस बात को लेकर राम के मन में नाराजगी है।

सही दिशा में आगे बढ़ रही जांच

इस बीच मंत्री गणेश नाईक ने सोमवार को ठाणे में कहा था कि प्रदीप पूर्णेकर की हत्या की जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि राज्य सरकार पूर्णेकर परिवार को न्याय दिलाने के लिए उनके साथ खड़ी है। इस दौरान स्थानीय लोगों के एक प्रतिनिधिमंडल ने गणेश नाईक से मुलाकात कर पूर्णेकर परिवार को न्याय दिलाने और दोषियों को सजा देने की मांग की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *