मुंबई में एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग कर भागे बदमाशों को कोटा पुलिस ने पूरी प्लानिंग के साथ पकड़ा। पुलिस टीम का एक सदस्य यात्री बनाकर जनरल कोच में पहुंचा। बदमाशों के पास जाकर बैठ गया। फिर कोच में जगह खाली होने की कहकर टीम के बाकी साथियों को भी अंदर बुला लिया। टीम के सदस्यों ने अंदर पहुंचते ही तीनों बदमाशों को पकड़ लिया। तीनों आरोपियों को हिलने का भी मौका नहीं मिला। आगे पढ़िए पुलिस ने कैसे जाल बिछाकर तीनों बदमाशों को पकड़ा… स्टेप 1- तीन टीमें बनाई गईं पुलिस सूत्रों के अनुसार, मुंबई पुलिस के इनपुट पर सुबह 9:15 बजे सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम ने अपनी टीम को अलर्ट किया। भीमगंजमंडी थाना और रेलवे कॉलोनी थाना रेलवे स्टेशन के पास पड़ता है। इसलिए दोनों को सूचना दी गई। सुबह का वक्त था पुलिस टीम के सदस्य अलग-अलग कामों में लगे थे। कोई घर पर था। लेकिन जैसे ही अलर्ट मिला, वैसे ही स्टेशन के लिए रवाना हो गए। करीब 20 से 30 मिनट के भीतर सभी टीमों स्टेशन पहुंच गईं। इसके बाद डीएसटी, रेलवे कॉलोनी, भीमगंज थाना और साइबर सेल की टीम स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 पहुंची। प्लेटफार्म पर टीम तीन अलग-अलग हिस्सों में हो गईं। स्टेप 2- ट्रेन पहुंचने से पहले पुलिस ने पूरे प्लेटफॉर्म को घेरा एक टीम में रेलवे थाना सीआई रामस्वरूप मीणा, दूसरी टीम भीमगंज मंडी थाना सीआई रामविलास मीणा व तीसरी टीम डीएसटी इंचार्ज एसआई लेके अहमद की अगुवाई में थी। ट्रेन पहुंचने से पहले ही एक टीम प्लेट फॉर्म के सबसे आगे वाले हिस्से पर, दूसरी टीम बीच वाले हिस्से, तीसरी टीम सबसे आखरी वाले हिस्से पर जाकर खड़ी हो गई। तीनों टीम के अन्य सदस्य प्लेटफार्म के अलावा पटरी वाले पार्ट पर भी खड़े हो गए। जैसे ही ट्रेन प्लेटफार्म एक पर पहुंची। तीनों टीमों ने सर्च अभियान शुरू किया। साइबर सेल और AGTF सदस्य के साथ डीएसटी की टीम ट्रेन के इंजन वाले हिस्से पर थी। साइबर सेल लगातार बदमाशों की लोकेशन ट्रेस कर रही थी। इसी दौरान डीएसटी की टीम को बदमाश नजर आ गए। बदमाश इंजन के पीछे सेकेंड नंबर वाले जनरल कोच में बैठे थे। खिड़की से पकौड़ी खरीद रहे थे बदमाश एक बदमाश ट्रेन के गेट तक आया। लेकिन नीचे नहीं उतरा। दूसरे बदमाश ने ट्रेन में बैठे बैठे खिड़की से पकोड़ी खरीदी। बदमाशों की पहचान होने पर टीम अलर्ट हो गई। स्टेप 3- यात्री बनकर ट्रेन में चढ़ी पुलिस टीम पुलिस टीम का एक सदस्य पैसेंजर की तरह बैग लेकर जनरल कोच में चढ़ा। जिस सीट पर बदमाश बैठे हुए थे। वहां जाकर बैग रख दिया। एक बदमाश ऋतिक ऊपर बर्थ पर बैग पर सिर लगाकर सोया हुआ था। जबकि दो बदमाश नीचे बैठे हुए थे। एक बदमाश ऊपर वाले बर्थ पर जाने की तैयारी कर रहा था। टीम के सदस्य ने अपने बाकी साथियों को ट्रेन में जगह होने की बात कह कर अंदर बुलाया। इसके बाद टीम के 6-7 सदस्य अंदर पहुंच गए। बदमाश कुछ समझ पाते, उससे पहले पुलिस टीम के सदस्य ने तीनों को पकड़ लिया। कार्रवाई में 10 से 15 मिनट लगे। ये भी पढ़ें… टाइगर श्रॉफ पर हमले के 3 आरोपी कोटा से पकड़े:पुणे-जयपुर ट्रेन में बैठे थे, लॉरेंस गैंग से जुड़े हैं बदमाश; विदेश भागने की फिराक में थे मुंबई में एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग मामले में सोमवार को कोटा पुलिस ने रेलवे स्टेशन से तीन हमलावरों को पकड़ा है। तीनों पुणे-जयपुर ट्रेन (12939) के जनरल कोच में अलग-अलग जगह बैठे थे। आरोपी ट्रेन से जयपुर पहुंचते और जयपुर से बस से दिल्ली व वहां से नेपाल भागने की फिराक में थे। (पूरी खबर पढ़ें)

