झुंझुनूं में शहर की गलियों से गांवों तक पहुंचा प्रचार:रिश्तेदारों के घर पहुंचे प्रत्याशी; 60 वार्डों में 262 प्रत्याशियों की जीत-हार का फैसला कल

झुंझुनूं में शहर की गलियों से गांवों तक पहुंचा प्रचार:रिश्तेदारों के घर पहुंचे प्रत्याशी; 60 वार्डों में 262 प्रत्याशियों की जीत-हार का फैसला कल

झुंझुनूं नगर परिषद चुनाव में मतदान की तारीख नजदीक आते ही प्रचार का तरीका पूरी तरह से बदल गया है। शहर के 60 वार्डों में 96,555 मतदाताओं को साधने और 262 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करने के लिए उम्मीदवारों ने नई रणनीति अपनाई है। अब सीधी मुलाकात के बजाय दूर-दराज गांवों में रहने वाले रिश्तेदारों के जरिए वोटरों पर दबाव और भरोसा बनाने का दौर शुरू हो गया है। रिश्तों की डोर के सहारे साध रहे समीकरण
झुंझुनूं शहर में नवलगढ़, चिड़ावा, खेतड़ी, मंडावा, पिलानी, उदयपुरवाटी, बिसाऊ, मुकुंदगढ़, मलसीसर व सूरजगढ़ समेत आसपास के गांवों से आकर बड़ी संख्या में परिवार बसे हुए हैं। शहर में रह रहे इन वोटरों के पिता, भाई, मामा या चाचा आज भी गांवों में ही निवास करते हैं। चुनावी समर में प्रत्याशी अब सीधे इन्हीं सामाजिक और पारिवारिक रिश्तों की दुहाई दे रहे हैं। दिनभर शहर की तंग गलियों में प्रचार करने के बाद प्रत्याशी और उनके समर्थक देर शाम गांवों का रुख कर रहे हैं। नाराज वोटरों को मनाने का ‘गांव वाला’ फार्मूला
अनेक वार्डों में मुकाबला त्रिकोणीय व बहुकोणीय होने से जीत-हार का अंतर बहुत कम रहने के आसार हैं। स्थानीय मुद्दों या व्यक्तिगत कारणों से नाराज चल रहे मतदाताओं को मनाने के लिए उनके गांव में रहने वाले बुजुर्गों व रिश्तेदारों को बीच में लाया जा रहा है। प्रत्याशी उनसे शहर में रह रहे परिजनों को फोन करवा रहे हैं, वहीं कई रिश्तेदार खुद भी शहर पहुंचकर अपने प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बनाने में जुट गए हैं। रणनीति में बदलाव, बनीं विशेष टीमें
प्रचार के अंतिम पड़ाव पर प्रत्याशियों ने समर्थकों की अलग-अलग टीमें गठित की हैं, जिन्हें रिश्तेदारी और सामाजिक संपर्कों की सूची सौंपकर डोर-टू-डोर के साथ ‘विलेज टू विलेज’ संपर्क साधने की जिम्मेदारी दी गई है। प्रत्याशी मतदाताओं को भविष्य में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए करीबी मुकाबले में एक-एक वोट सुरक्षित करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *