हापुड़ में मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे दिल्ली-मुरादाबाद हाईवे पर कैंटर ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार हाफिजपुर थाना क्षेत्र के बड़ौदा सिहानी गांव निवासी यासीन (22) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हादसे में घायल खुशी (23) ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तीसरे युवक जीशान का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामला कोतवाली देहात क्षेत्र में तातारपुर बाईपास का है। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस हादसे की जानकारी मिलते ही हापुड़ देहात थाना प्रभारी पारस मलिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। हादसे की जानकारी मिलने पर मृतकों और घायल के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। दोनों युवकों की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। तीनों फैक्ट्री में काम देखने जा रहे थे पुलिस के मुताबिक, यासीन, खुशी और जीशान बड़ौदा सिहानी गांव से गढ़ की ओर एक फैक्ट्री में काम देखने के लिए जा रहे थे। तीनों जींस फैक्ट्री में काम करते हैं। इसी दौरान गौरी रिसॉर्ट के सामने दिल्ली-मुरादाबाद हाईवे पर उनकी बाइक को कैंटर ने टक्कर मार दी। चालक की तलाश में जुटी पुलिस थाना प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। घायल जीशान का इलाज चल रहा है। पुलिस आरोपी वाहन चालक की तलाश कर रही है। पीड़ित परिवार की ओर से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

