झांसी RPF ने रेल पांच इलाइची चोर पकड़े:तामिलनाडु एक्सप्रेस के पार्सल कोच का लॉक तोड़कर की थी 4.29 लाख की चोरी

झांसी RPF ने रेल पांच इलाइची चोर पकड़े:तामिलनाडु एक्सप्रेस के पार्सल कोच का लॉक तोड़कर की थी 4.29 लाख की चोरी

झांसी आरपीएफ शुक्रवार शाम रेल संपत्ति चोरी के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने दो दिन पहले दिल्ली की ओर जा रही तमिलनाडु एक्सप्रेस के पार्सल कोच का लॉक तोड़कर इलायची के बोरे चोरी किए थे। चोरी की गई इलायची की कीमत करीब 4.29 लाख रुपये बताई गई है। 2 तस्वीर देखिए… आरपीएफ ने आरोपियों के कब्जे से करीब 400 किलो इलायची और 60 किलो होजरी बरामद की है। चोरी में इस्तेमाल सीएनजी ऑटो और दो बाइक भी जब्त की गई हैं। आरपीएफ कमांडेंट जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि दो दिन पहले तमिलनाडु एक्सप्रेस दिल्ली की ओर जा रही थी। इसी दौरान आरोपियों ने सीपरी बाजार रेलवे ट्रैक के पास पार्सल कोच का लॉक तोड़कर इलायची के बोरे नीचे गिरा लिए थे। इसके बाद उनके अन्य साथियों ने मिलकर चोरी किए गए माल को वहां से गायब कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद आरपीएफ ने टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और उनकी निशानदेही पर चोरी की इलायची के साथ पूर्व में चोरी की गई रेल संपत्ति से जुड़े दो अन्य मामलों का माल भी बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में पंकज अहिरवार, निवासी ग्राम सत्तार, थाना ओरछा, जिला निवाड़ी, दीनानाथ, जितेंद्र, ओमकार और दीपक वाल्मीकि निवासी ग्राम श्रीनगर, थाना प्रेमनगर, झांसी शामिल हैं।
पूछताछ में घटना में शामिल अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी मिली है। आरपीएफ ने कुछ अन्य आरोपियों को मामले में वांछित किया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई आरपीएफ पोस्ट वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी के निरीक्षक योगेश के नेतृत्व में आरपीएफ और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त टीम ने की। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *