झज्जर रात 2 बजे कूड़ा उठाने पहुंचा प्रशासन:विरोध में सफाईकर्मी गिरफ्तार: सुबह फिर सड़कों पर डाला कूड़ा; आज विधायकों को ज्ञापन देंगे कर्मचारी

झज्जर रात 2 बजे कूड़ा उठाने पहुंचा प्रशासन:विरोध में सफाईकर्मी गिरफ्तार: सुबह फिर सड़कों पर डाला कूड़ा; आज विधायकों को ज्ञापन देंगे कर्मचारी

झज्जर-बहादुरगढ़ नगर परिषद क्षेत्र में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच कूड़ा उठाने को लेकर विवाद और बढ़ गया है। प्रशासन ने रात करीब 2 बजे शहर में जगह-जगह फैले कूड़े को उठाने के लिए अभियान शुरू किया। प्रशासन की कार्रवाई की भनक लगते ही हड़ताली सफाई कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए और कूड़ा उठाने आई जेसीबी मशीन के सामने खड़े होकर विरोध शुरू कर दिया।
विरोध के दौरान कर्मचारियों और प्रशासन के बीच तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने कुछ हड़ताली कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया। कर्मचारियों का आरोप है कि हड़ताल के दौरान प्रशासन रात के समय कूड़ा उठाकर आंदोलन को कमजोर करने का प्रयास कर रहा है।
इसके बाद सुबह होते ही कर्मचारियों ने दोबारा कई स्थानों पर कूड़ा डाल दिया। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों का समाधान नहीं होता, हड़ताल जारी रहेगी। उनका तर्क है कि यदि शहर से कूड़ा उठता रहा तो उनके आंदोलन का दबाव कमजोर पड़ जाएगा।
अब आमने-सामने प्रशासन और कर्मचारी
रात की कार्रवाई, गिरफ्तारियों और सुबह दोबारा कूड़ा डाले जाने के बाद सफाई कर्मचारियों और प्रशासन के बीच टकराव बढ़ता नजर आ रहा है। शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे होने से लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सफाई कर्मचारी अब अपनी मांगों को लेकर क्षेत्र के विधायकों से मिलेंगे। कर्मचारी आज विधायकों को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले में हस्तक्षेप करने और उनकी मांगों का समाधान कराने की मांग करेंगे।
हड़ताल के चलते पहले से ही सफाई व्यवस्था प्रभावित है। अब प्रशासन की ओर से रात में कूड़ा उठाने की कार्रवाई और कर्मचारियों की ओर से दोबारा कूड़ा डालने से विवाद और ज्यादा गहराता जा रहा है। आने वाले दिनों में प्रशासन और कर्मचारियों के बीच यह टकराव किस दिशा में जाता है, इस पर सभी की नजर है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *