जिम्बाब्वे के मरोनडेरा इलाके में बुधवार को 6 लोगों को लेकर जा रहा हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। हादसे के बाद उसमें आग लग गई। हेलिकॉप्टर में 4 यात्री और 2 क्रू मेंबर सवार थे। हादसे में सभी 6 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 43 साल के चर्चित बिजनेसमैन विकनेल चिवायो और उनकी पत्नी लूसी मुतेके भी शामिल हैं। चिवायो को राष्ट्रपति एमर्सन मनांगाग्वा का करीबी माना जाता था। पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचकर शवों की पहचान में जुटे हैं। हेलिकॉप्टर राजधानी हरारे से करीब 70 किलोमीटर पूर्व मरोनडेरा इलाके में गिरा। पुलिस को हादसे की जानकारी बुधवार शाम करीब 5 बजे मिली। हादसा किस वजह से हुआ, यह अभी साफ नहीं है। पुलिस मामले की जांच करेगी। आलीशान लाइफस्टाइल को लेकर मशहूर थे चिवायो विकनेल चिवायो इंट्राट्रेक जिम्बाब्वे के संस्थापक थे। यह कंपनी एनर्जी और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े प्रोजेक्ट्स में काम करती थी। चिवायो ग्वांडा सोलर प्रोजेक्ट जैसे सरकारी ठेकों को लेकर भी चर्चा में रहे। वे अपनी आलीशान जीवनशैली और सोशल मीडिया पोस्ट के लिए भी जाने जाते थे। चिवायो महंगी कारों और लग्जरी हेलीकॉप्टरों के साथ अपनी तस्वीरें शेयर करते थे। राष्ट्रपति समेत कई बड़े नेताओं से थी चिवायो की नजदीकी चिवायो के कारोबार और राजनीतिक संबंधों को लेकर भी समय-समय पर सवाल उठते रहे थे। वे सोशल मीडिया पर राष्ट्रपति मनांगाग्वा के साथ अपनी मुलाकातों की तस्वीरें और वीडियो शेयर करते थे। वे दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा, केन्या के राष्ट्रपति विलियम रूटो, तंजानिया की राष्ट्रपति सामिया सुलुहू हसन और इस्वातिनी के किंग मस्वाती III समेत कई बड़े नेताओं से भी मिल चुके थे। कारोबार को लेकर भी उठे सवाल चिवायो के कारोबार को लेकर जिम्बाब्वे और आसपास के देशों में सरकारी ठेकों और चुनावी फंडिंग से जुड़े आरोप लगे थे। उन्होंने इन आरोपों से इनकार किया था। वे मशहूर हस्तियों, धार्मिक नेताओं, राजनेताओं और सोशल मीडिया फॉलोअर्स को महंगी गाड़ियां और कैश गिफ्ट देने के लिए भी जाने जाते थे। चिवायो की दो पुरानी तस्वीरें… ———————————— यह खबर भी पढ़ें… इजराइल जा रही फ्लाइट क्रैश कराने की कोशिश:पायलट को चाकू मारा, 17 हजार फीट नीचे आया विमान; फाइटर जेट की निगरानी में इमरजेंसी लैंडिंग दुबई से तेल अवीव जा रही एक फ्लाइट को हाईजैक कर क्रैश कराने की कोशिश हुई। को-पायलट ने साथी पायलट पर चाकू से हमला किया और विमान का कंट्रोल अपने हाथ में लेने की कोशिश की। दूसरे पायलट और कुछ यात्रियों ने हाथापाई कर उसे रोक लिया। पूरी खबर पढ़ें…
जिम्बाब्वे में हेलिकॉप्टर क्रैश, चर्चित बिजनेसमैन समेत 6 की मौत:पत्नी भी सवार थीं, राष्ट्रपति के करीबी थे चिवायो; हादसे के बाद हेलिकॉप्टर में लगी आग

