जालौन कोतवाली क्षेत्र के शेरपुरा में रविवार सुबह 9 बजे नमामि गंगे योजना के तहत पानी की टंकी के निर्माण कार्य के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 28 साल के मजदूर की मौत हो गई। मजदूर लोहे का सरिया काट रहा था, तभी सरिया 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन से टकरा गया। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। साथी मजदूर आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालौन लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, औरैया जिले के मालासी गांव के रहने वाले राम प्रकाश का 28 साल का बेटा अजय कुमार शेरपुरा में नमामि गंगे योजना के अंतर्गत पानी की टंकी के निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहा था। रविवार सुबह करीब 9 बजे अजय सहित चार मजदूर निर्माण स्थल पर काम कर रहे थे। इसी दौरान अजय लोहे का सरिया काट रहा था। बताया जा रहा है कि सरिया काटते समय वह ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। करंट लगने से अजय गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी हालत बिगड़ गई। हादसा होते ही वहां काम कर रहे अन्य मजदूरों में हड़कंप मच गया। साथी मजदूर उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालौन लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में शोक छा गया। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है। निर्माण स्थल पर हाईटेंशन लाइन के नजदीक काम करते समय हुए इस हादसे ने कार्यस्थल पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

