जयपुर निगम चुनाव: ‘विधायक ने पूछा पर्सनली मेरे लिए क्या किया?’, टिकट से वंचित कांग्रेस उपाध्यक्ष पूजा भार्गव के गंभीर आरोप

जयपुर निगम चुनाव: ‘विधायक ने पूछा पर्सनली मेरे लिए क्या किया?’, टिकट से वंचित कांग्रेस उपाध्यक्ष पूजा भार्गव के गंभीर आरोप

जयपुर में नगर निगम चुनाव को लेकर माहौल गरमाया हुआ है। पार्टियां चुनाव के लिए टिकट वितरण कर चुकी हैं, लेकिन इसी बीच अब युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष पूजा भार्गव ने पार्टी के फैसले को लेकर असंतोष जताया है। दरअसल उन्होंने आदर्श नगर वार्ड नंबर 116 से पार्षद पद के लिए दावेदारी पेश की थी, लेकिन कांग्रेस पार्टी से उन्हें टिकट नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने आदर्श नगर विधायक के रवैये पर सवाल उठाते हुए सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की है। पूजा भार्गव ने विधायक पर गंभीर आरोप लगाए हैं और पार्टी के लिए किए अपने काम का हवाला देते हुए कई सवाल खड़े किए हैं।

आदर्श नगर विधायक पर लगाए गंभीर आरोप

पूजा भार्गव ने आदर्श नगर विधायक पर टिकट को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि विधायक ने मुझसे पूछा कि मैंने पर्सनली उनके लिए क्या किया है। इसको लेकर भार्गव ने सवाल उठाया कि क्या पार्टी को दिया उनका समय, पार्टी में किए गए काम और सड़कों पर किए गए संघर्ष विधायक को नजर नहीं आते। इसके अलावा आगे उन्होंने कहा कि इधर DCC प्रेसिडेंट मुझसे मिलना नहीं चाहतें हैं उनका कहना है कि मैंने उनके सामने अध्यक्ष की दावेदारी पेश की। पूजा ने उन पर इंसिक्योरिटी की भावना का आरोप लगाते हुए कहा कि मैंने तो सिर्फ प्रदेश पदाधिकारी होने के नाते खुद को डिजर्विंग कैंडिडेट मानते हुए पार्षद पद के लिए दावेदारी पेश की है।

कौन है आदर्श नगर वार्ड 116 से कांग्रेस का प्रत्याशी?

वार्ड 116 से कांग्रेस ने संजीदा पत्नी उमरदराज को मैदान में उतारा है। महिला आरक्षण के चलते इस बार पूर्व पार्षद उमरदराज की जगह उनकी पत्नी संजीदा को टिकट दिया गया है। पूजा भार्गव ने पार्टी के इस फैसले पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि नगर निगम चुनाव में ऐसे लोगों को मैदान में उतारा गया है, जिनका अपना कोई वर्चस्व नहीं है और न ही क्षेत्र में कोई कर्मभूमि रही है। उन्होंने अपनी दावेदारी का जिक्र करते हुए कहा कि वह लंबे समय से पार्टी के लिए काम करती रही हैं और इसी आधार पर उन्होंने वार्ड 116 से पार्षद पद के लिए दावेदारी की थी।

बता दें कि कांग्रेस ने 31 अगस्त को उम्मीदवारों की सूची जारी की थी, जिसके बाद जयपुरप के 150 वार्डों के प्रत्याशियों के नाम सामने आए और नगर निगम चुनाव में पार्टी के उम्मीदवारों को लेकर तस्वीर साफ हो गई।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *