मथुरा में केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) के अध्यक्ष जयंत चौधरी रविवार दोपहर करीब 12 बजे मथुरा पहुंचे। उन्होंने आरएलडी के पूर्व जिलाध्यक्ष और वरिष्ठ नेता स्वर्गीय राजेंद्र सिंह सिकरवार के आवास पर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और शोक संवेदना व्यक्त की। जयंत चौधरी ने स्व. सिकरवार के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और संगठन व समाज के लिए उनके योगदान को याद किया। अखिलेश के बयान पर बोले- राजनीति में मजाक का समय नहीं श्रद्धांजलि देने के बाद जयंत चौधरी ने पत्रकारों से बातचीत की। अखिलेश यादव के एनडीए गठबंधन और सहयोगी दलों की सीटों को लेकर दिए गए बयान पर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने सपा अध्यक्ष पर निशाना साधा। जयंत चौधरी ने कहा कि नेताओं को राजनीति में अपनी मर्यादा और गंभीरता बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘राजनीति में यह समय मजाक का नहीं है।’ उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश के सामने कई महत्वपूर्ण मुद्दे हैं। विपक्षी दलों को जनहित और विकास से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने बयानबाजी और अनर्गल टिप्पणियों से बचने की सलाह दी। बोले- एनडीए पूरी तरह मजबूत आरएलडी प्रमुख ने एनडीए गठबंधन को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि गठबंधन पूरी तरह मजबूत है और सभी सहयोगी दल आपसी समन्वय के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए के घटक दल जनसेवा और प्रदेश के विकास के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। जनता सब देख रही है और उसे पता है कि कौन गंभीरता से काम कर रहा है और कौन केवल बयानबाजी तक सीमित है। इस दौरान आरएलडी के वरिष्ठ नेता, स्थानीय पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने स्वर्गीय राजेंद्र सिंह सिकरवार को श्रद्धांजलि अर्पित की।

