भास्कर न्यूज | जालंधर जनगणना-2027 के दूसरे चरण (आबादी गणना) की तैयारियों के तहत फील्ड ट्रेनरों का तीन-दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। लायलपुर खालसा कॉलेज में आयोजित इस प्रशिक्षण में 50 फील्ड ट्रेनरों ने भाग लिया। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद ये फील्ड ट्रेनर जिले में तैनात गिनती कारों और सुपरवाइजरों को आगे प्रशिक्षण देंगे, ताकि जमीनी स्तर पर कार्य सुचारु रूप से कराया जा सके। कार्यक्रम का उद्देश्य जनगणना की प्रक्रियाओं, डिजिटल अनुप्रयोगों और तकनीक-आधारित कार्य-विधियों की विस्तृत समझ विकसित करना है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जनगणना 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक कराई जाएगी, जबकि 5 से 9 जनवरी 2027 तक संशोधन दौर होगा। फील्ड ट्रेनर 5 अक्तूबर से 10 नवंबर 2026 के बीच गिनती कारों और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षित करेंगे। 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना सुविधा के तहत परिवार ऑनलाइन पोर्टल पर जानकारी दे सकेंगे। प्रशिक्षण सत्रों में मास्टर ट्रेनरों ने घर-घर जाकर पूछे जाने वाले 40 प्रश्नों, उन्हें सही तरीके से पूछने की प्रक्रिया और डिजिटल एप्लीकेशंज के प्रभावी उपयोग पर जानकारी दी।

