जालंधर | एनएचएम इंप्लाइज यूनियन पंजाब ने अपनी लंबित मांगों के समाधान के लिए संघर्ष तेज कर दिया है। इसी कड़ी में सिविल सर्जन कार्यालय परिसर में कर्मचारियों ने रोष धरना दिया और सिविल सर्जनों के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग तथा सरकार को मांग-पत्र सौंपे। यूनियन की राज्य प्रवक्ता डॉ. पंखुड़ी ने बताया कि 1 अक्टूबर को पूरे पंजाब में विधायकों के कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपे जाएंगे। इसके बाद 9 अक्टूबर को धूरी में राज्य स्तरीय महा रोष रैली आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रदेशभर से 6,000 से 6,500 एनएचएम कर्मचारी और भ्रातृ स्वास्थ्य संगठन हिस्सा लेंगे। डॉ. सुमीत कपाही व परमवीर ने कहा कि सरकार को बातचीत से ठोस समाधान निकालना चाहिए। धरने में बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

