प्रतापगढ़ शहर के साकेत गर्ल्स पीजी कॉलेज में शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे छात्रों ने नुक्कड़ नाटक किया। इसका मकसद राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रति लोगों को जागरूक करना था। जिला न्यायालय में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन होगा। नुक्कड़ नाटक के जरिए छात्रों ने लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत की अहमियत और उससे मिलने वाले फायदे बताए। नाटक में मध्यस्थता, सुलह-समझौते और आपसी सहमति से मामलों को जल्दी और आसानी से निपटाने के बारे में जानकारी दी गई। छात्रों ने यह भी बताया कि लोक अदालत से मामले कम खर्च में निपटाए जा सकते हैं। छात्रों ने लोगों से राष्ट्रीय लोक अदालत में शामिल होने और आपसी सुलह-समझौते से अपने विवादों को आसानी से निपटाने की अपील की। इस कार्यक्रम में सिविल जज (एसडी) और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शाम्भवी, साकेत गर्ल्स पीजी कॉलेज के संस्थापक अरविंद श्रीवास्तव, प्राचार्य नीलिमा श्रीवास्तव और अधिकार मित्र अमन त्रिपाठी समेत कॉलेज के छात्र-छात्राएं शामिल थे।

