सिंगरौली जिले के विजयपुर में करीब 10 लाख रुपए की लागत से बना पुल निर्माण के करीब तीन महीने बाद टूट गया। पुल टूटने से ग्रामीणों के लिए रास्ता बंद होने जैसी स्थिति बन गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल हुआ और तकनीकी नियमों का पालन नहीं किया गया। पहले भी टूट चुका था इसी जगह का पुल ग्रामीणों के मुताबिक, इसी जगह पहले भी घटिया निर्माण के आरोपों के बीच पुल टूट चुका था। इसके बाद दोबारा पुल बनाया गया, लेकिन करीब 90 दिन में ही वह क्षतिग्रस्त हो गया। ग्रामीणों ने निर्माण में खराब सीमेंट, बालू और सरिया इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। एफआईआर और राशि वसूलने की मांग पुल टूटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि दोषी ठेकेदार, उपयंत्री और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही निर्माण में खर्च हुई राशि की रिकवरी और एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है। सीईओ ने इंजीनियर से रिपोर्ट मांगी जिला पंचायत सीईओ संघप्रिय ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। उन्होंने इंजीनियर से पुल टूटने को लेकर रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट मिलने के बाद मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में गड़बड़ी मिली तो होगी कार्रवाई सीईओ के मुताबिक, जांच में निर्माण कार्य में लापरवाही या गड़बड़ी सामने आती है तो सरपंच, सचिव और उपयंत्री इंजीनियर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल ग्रामीण जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।

