उत्तर प्रदेश में शनिवार को बड़े स्तर पर पुलिस अधिकारियों के तबादले किए गए। शासन ने 35 आईपीएस और 31 पीपीएस अधिकारियों के स्थानांतरण किए हैं। इसका असर अयोध्या पुलिस पर भी पड़ा है। जिले में ग्रामीण और यातायात पुलिस की जिम्मेदारियां बदल दी गई हैं। अयोध्या के एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी का तबादला गाजियाबाद किया गया है। उन्हें वहां पुलिस उपायुक्त की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं अयोध्या में सहायक पुलिस अधीक्षक रहे देवेश चतुर्वेदी को अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी, अंबेडकरनगर बनाया गया है। पीपीएस अधिकारियों के तबादले में राधेश्याम राय को अयोध्या का नया एसपी ग्रामीण बनाया गया है। वह अब जिले की ग्रामीण क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे। एसपी ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल की जिम्मेदारी सुधीर जायसवाल संभालेंगे इसके अलावा अयोध्या के एसपी ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल रहे अयोध्या प्रसाद सिंह का भी तबादला किया गया है। उन्हें एसपी प्रोटोकॉल यातायात के पद पर भेजा गया है। साथ ही उन्हें एसपी क्राइम गोरखपुर की जिम्मेदारी दी गई है। अयोध्या में अब एसपी ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल की जिम्मेदारी सुधीर जायसवाल संभालेंगे। रामनगरी में लगातार बढ़ रहे श्रद्धालुओं और वाहनों के दबाव के बीच यातायात व्यवस्था उनके लिए प्रमुख चुनौती होगी। पुलिस अधिकारियों के तबादले के बाद अयोध्या में ग्रामीण पुलिसिंग से लेकर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था तक नई टीम के साथ कामकाज शुरू होगा। आगामी पर्वों और धार्मिक आयोजनों को देखते हुए नई तैनाती को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

