छर्रा इंस्पेक्टर और चौकी इंचार्ज लाइन हाजिर:अलीगढ़ एसएसपी ने दुष्कर्म में मुकदमा न लिखने और विधायक के फार्महाउस के चौकीदार को हिरासत के विवाद में की कार्रवाई

छर्रा इंस्पेक्टर और चौकी इंचार्ज लाइन हाजिर:अलीगढ़ एसएसपी ने दुष्कर्म में मुकदमा न लिखने और विधायक के फार्महाउस के चौकीदार को हिरासत के विवाद में की कार्रवाई

छर्रा कोतवाली के इंस्पेक्टर सुशील कुमार योगी और कस्बा चौकी इंचार्ज जितेंद्र कुमार को एसएसपी नीरज जादौन ने अलग-अलग मामलों में लाइन हाजिर कर दिया है। इंस्पेक्टर पर दुष्कर्म की शिकायत के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं करने का आरोप है, जबकि चौकी इंचार्ज पर एटीएम से छेड़छाड़ के मामले की विवेचना के दौरान भाजपा विधायक रवींद्र पाल सिंह के फार्महाउस के चौकीदार को हिरासत में लेने और विधायक से विवाद होने का मामला सामने आया है। दोनों मामलों में विभागीय जांच शुरू करा दी गई है।
दुष्कर्म की शिकायत पर सुनवाई नहीं करने का आरोप
छर्रा क्षेत्र में 15 अगस्त के आसपास एक लड़की के साथ दुष्कर्म की घटना होने की शिकायत सामने आई थी। आरोप है कि लड़की की मां जिस घर में काम करती थी, वहीं उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पीड़िता ने इसकी शिकायत छर्रा थाने में की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद वह शिकायत लेकर जिला मुख्यालय स्थित एसएसपी कार्यालय पहुंची। उस दिन एसएसपी से मुलाकात नहीं हो सकी, लेकिन उसने कार्यालय में प्रार्थना पत्र दिया। वहां से कार्रवाई के निर्देश जारी होने के बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं होने का आरोप है।
गुरुवार को पीड़िता की मां दोबारा एसएसपी नीरज जादौन के सामने पेश हुई और पूरे मामले की जानकारी दी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने इंस्पेक्टर सुशील कुमार योगी के खिलाफ कार्रवाई की। उन्हें लाइन हाजिर करने के साथ विभागीय जांच भी शुरू करा दी गई है।
विधायक के फार्महाउस के चौकीदार को हिरासत में लेने पर विवाद
दूसरा मामला छर्रा कस्बा चौकी इंचार्ज जितेंद्र कुमार से जुड़ा है। वह एटीएम से छेड़छाड़ की घटना की विवेचना कर रहे थे। इसी सिलसिले में उन्होंने गुरुवार सुबह छर्रा विधायक रवींद्र पाल सिंह के फार्महाउस पर तैनात चौकीदार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था।
चौकीदार को हिरासत में लिए जाने की जानकारी विधायक तक पहुंची तो उन्होंने चौकी इंचार्ज से बात की। इस दौरान दोनों के बीच बहस होने का आरोप है। विधायक ने दरोगा पर अनुचित तरीके से बात करने की शिकायत एसएसपी से की। साथ ही चौकीदार को एटीएम से छेड़छाड़ की घटना से कोई संबंध नहीं होने के बावजूद हिरासत में लेने पर सवाल उठाए।
मामले की जानकारी मिलने के बाद एसएसपी ने चौकी इंचार्ज जितेंद्र कुमार को भी देर रात लाइन हाजिर कर दिया। इस प्रकरण में भी विभागीय जांच शुरू कराई गई है।
एसएसपी बोले- जांच के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
एसएसपी नीरज जादौन ने दोनों पुलिसकर्मियों को अलग-अलग मामलों में लाइन हाजिर किए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दोनों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू करा दी गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *