आज मतपेटिका में बंद हो जाएगी 16 प्रत्याशियों की किस्मत:सुबह 8 बजे से शुरू होगा मतदान; 54910 वोटर डालेंगे वोट

आज मतपेटिका में बंद हो जाएगी 16 प्रत्याशियों की किस्मत:सुबह 8 बजे से शुरू होगा मतदान; 54910 वोटर डालेंगे वोट

गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए शुक्रवार, 23 अक्टूबर को मतदान होगा। शाम 4 बजे 16 प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटिका में बंद हो जाएगी। 17 जिलों के 200 बूथों पर सुबह 8 बजे से मतदान शुरू होगा। शाम 4 बजे तक इस क्षेत्र के 54 हजार 910 मतदाता अपना वोट दे सकेंगे। गुरुवार की शाम को ही सभी पोलिंग पार्टियां बूथों पर पहुंच गईं। गोरखपुर में 18 बूथ बनाए गए हैं, जहां 7200 से अधिक मतदाता वोट देंगे। बूथों की निगरानी के लिए सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट के अलावा बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। शिक्षक एमएलसी चुनाव में मतपत्र के माध्यम से मतदान कराया जाएगा। मतदान शुरू होने से पहले निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतपेटिका की जांच और अन्य औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। मतदान समाप्त होने के बाद मतपत्रों और निर्वाचन संबंधी अभिलेखों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के वाणिज्य संकाय में बने स्ट्रांग रूम में रखा जाएगा।
8 किमी के दायरे में शराब की दुकानें बंद
शिक्षक एमएलसी चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए डीएम दीपक मीणा ने मतदान और मतगणना स्थल के आठ किलोमीटर के दायरे में शराब की दुकानों और बार को बंद रखने का आदेश दिया है। गोरखपुर विश्वविद्यालय के वाणिज्य भवन स्थित मतगणना स्थल के आसपास यह प्रतिबंध लागू रहेगा। 23 अक्टूबर को मतदान समाप्ति तक और 27 अक्टूबर को मतगणना पूरी होने तक देशी-विदेशी शराब, बीयर, कंपोजिट व माडल शाप, ताड़ी-भांग की दुकानों के साथ होटल, क्लब और रेस्टोरेंट बार भी बंद रहेंगे। स्पष्ट रूप से लिखनी होगी वरीयता
शिक्षक एमएलसी चुनाव में मतदान मतपत्र के माध्यम से होता है। मतदाता को प्रत्याशी के नाम के सामने अपनी पसंद के अनुसार वरीयता लिखनी होती है। पहली पसंद के प्रत्याशी के सामने ‘1’, दूसरी पसंद के सामने ‘2’ और इसी तरह आगे की पसंद दर्ज की जा सकती है। इसके लिए निर्वाचन आयोग की कलम का ही इस्तेमाल करना होता है। निर्देशों का पालन नहीं करने से मतपत्र अवेध हो सकता है।
आजमगढ़ और गोरखपुर में सर्वाधिक मतदाता गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के तहत आने वाले 17 जिलों में कुल 54,910 वोटर में सबसे अधिक वोटर आजमगढ़ में 8592 और गोरखपुर में 7289 हैं। इसी तरह बहराइच में 1636, गोंडा में 2805, बस्ती में 2045, सिद्धार्थनगर में 2787, महराजगंज में 3572, देवरिया में 4278, मऊ में 5131, सुल्तानपुर में 2679, अमेठी में 1099, अयोध्या में 3084, कुशीनगर में 3496, आंबेडकरनगर में 2891, श्रावस्ती में 1004, बलरामपुर में 982 और संतकबीरनगर में 1540 वोटर हैं। इन 16 प्रत्याशियों के बीच होगा मुकाबला
16 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इन्हीं के बीच मुकाबला होगा। इनमें भाजपा के ध्रुव त्रिपाठी, सपा के डा. संजयन त्रिपाठी, उत्तर प्रदेश माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक महासभा के अजय सिंह, उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (चेतनारायण गुट) के डा. राकेश सिंह, उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (एकजुट) के राजीव यादव, सत्यपाल सिंह, डा. शरदेंदु कुमार त्रिपाठी, निरंकार राम त्रिपाठी, अजीत कुमार सिंह, देव भास्कर तिवारी, राजेश पांडेय, शिव श्याम यादव, दिनेश कुमार मिश्र, पंकज कुमार, राकेश कुमार तिवारी और राम प्रताप राम मैदान में हैं।
चुनाव के लिए नगर निगम क्षेत्र में मतदान बूथ डीएवी इंटर कालेज, दीवान बाजार, अभय नंदन इंटर कालेज, भेड़ियागढ़, रफी अहमद किदवई इंटर कालेज, पड़हा (मोहद्दीपुर), दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, डीएवी डिग्री कालेज, नसीराबाद, राजकीय जुबिली इंटर कालेज और तुलसीराम इंटर कालेज, रायगंज में मतदान की व्यवस्था की गई है।
ग्रामीण क्षेत्रों के मतदान बूथ
बापू इंटर कालेज, पीपीगंज और क्षेत्र पंचायत कार्यालय, कैंपियरगंज, पंचायत कार्यालय, चरगावां तथा पिपराइच, तहसील कार्यालय चौरीचौरा, क्षेत्र पंचायत कार्यालय सहजनवा और खजनी, क्षेत्र पंचायत कार्यालय उरुवा, तहसील कार्यालय बांसगांव, क्षेत्र पंचायत कार्यालय गगहा और गोला व में मतदान होगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *